युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, अगले दिन महिला ने भी दी जान

सीतापुर में पिसावां थाना क्षेत्र के एक गांव में 24 घंटे के भीतर प्रेमी-प्रेमिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में पिसावां थाना क्षेत्र के एक गांव में 24 घंटे के भीतर प्रेमी-प्रेमिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई।

पहले युवक का शव फंदे से लटका मिला, जबकि अगले दिन महिला ने भी आत्महत्या कर ली। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पिसावां थाना क्षेत्र के गांव ढकिया निवासी मंजेश (20) शुक्रवार देर शाम अपने कमरे में गया था। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। ग्रामीणों की मदद से दरवाजा खोला गया तो उसका शव फंदे से लटका मिला।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अभी इस घटना की जांच कर ही रही थी कि शनिवार को 37 वर्षीय रिंकी ने अपने पति इंद्रपाल के घर में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार महिला करीब आठ महीने से युवक के साथ रह रही थी और हाल ही में अपने पति के घर लौटी थी। इसके बाद युवक और फिर महिला की मौत ने मामले को रहस्यमय बना दिया है। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button