पेड़ की डाल काटना पड़ा भारी, करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में सकरन थाना क्षेत्र के बेलवा बसहिया गांव में रविवार सुबह पेड़ की डाल काटते समय विद्युत लाइन के संपर्क में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में सकरन थाना क्षेत्र के बेलवा बसहिया गांव में रविवार सुबह पेड़ की डाल काटते समय विद्युत लाइन के संपर्क में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है।
बेलवा बसहिया निवासी गीतू (55) पुत्र मिश्रीलाल रविवार सुबह घर के सामने लगे पकरिया के पेड़ की डाल काट रहे थे। इसी दौरान पेड़ की डाल ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई। इससे गीतू करंट की चपेट में आकर झुलस गए।
पिता को विद्युत लाइन से चिपका देख उनका 17 वर्षीय पुत्र पीयूष उन्हें बचाने के लिए पहुंचा। इसी दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन आनन-फानन एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडा ले गए। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर सांडा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। चौकी प्रभारी श्रीराम शुक्ला ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है।



