गड्ढों में बदली सड़क, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर उतरकर किया जोरदार प्रदर्शन

गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में बेला–देवकली संपर्क मार्ग की जर्जर हालत और जलभराव से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत, निर्माण और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में बेला–देवकली संपर्क मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर रविवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। लंबे समय से खराब पड़ी सड़क पर बरसात के बाद बने गहरे गड्ढों और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

बारिश के बाद बढ़ी परेशानी, हादसों का खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे आए दिन राहगीर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। कई बच्चे स्कूल आते-जाते समय फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर लगाए उपेक्षा के आरोप

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की मरम्मत और निर्माण को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने ग्राम प्रधान सहित जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों पर भी क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

सड़क निर्माण नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि बेला–देवकली संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य जल्द शुरू नहीं कराया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन में संतोष सिंह (अधिवक्ता), रामबृक्ष गौड़, मुमताज अहमद, चंद्रशेखर सिंह, नन्हू शर्मा, टिंकू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: चाय बेचने वाले की बेटी बनी महिला SI, बिना कोचिंग हासिल की बड़ी सफलता

Related Articles

Back to top button