महिला क्रिकेट के सबसे बड़े महाकुंभ के लिए तैयार दुनिया

  • इंग्लैंड की नजरें दूसरी टी20 ट्रॉफी पर, पहली बार 12 टीमों की भागीदारी

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। महिला टी20 विश्व कप 2026 का पहला मुकाबला 12 जून को खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट का 10वां संस्करण होगा और 2009 के उद्घाटन संस्करण के बाद पहली बार इंग्लैंड इसकी मेजबानी करेगा। टूर्नामेंट में कुल 33 मैच खेले जाएंगे, जिनका आयोजन इंग्लैंड और वेल्स के सात प्रमुख क्रिकेट मैदानों पर किया जाएगा। मेजबान इंग्लैंड टीम 2009 में जीते गए पहले महिला टी20 विश्व कप की सफलता को दोहराने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
उस समय टीम की कप्तान रहीं शार्लोट एडवर्ड्स अब मुख्य कोच की भूमिका निभा रही हैं। न्यूजीलैंड की महिला टीम मौजूदा चैंपियन के रूप में टूर्नामेंट में उतरेगी। व्हाइट फर्न्स ने 2024 में यूएई में आयोजित महिला टी20 विश्व कप जीतकर पहली बार यह खिताब अपने नाम किया था। महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में अब तक केवल चार देशों ने खिताब जीता है। इनमें ऑस्ट्रेलिया सबसे सफल टीम रही है, जिसने रिकॉर्ड छह बार ट्रॉफी अपने नाम की है। वहीं इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड एक-एक बार चैंपियन बने हैं। टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। मेजबान इंग्लैंड को सीधे प्रवेश मिला है, जबकि ऑस्ट्रेलिया, भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज ने आईसीसी रैंकिंग के आधार पर क्वालिफाई किया। इसके अलावा बांग्लादेश, आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स ने ग्लोबल क्वालिफायर के जरिए जगह बनाई। खास बात यह है कि नीदरलैंड्स पहली बार महिला टी20 विश्व कप में हिस्सा लेगा। बता दें कि महिला टी20 विश्वकप की ट्रॉफी जीतने में अभी तक भारतीय टीम को सफलता नहीं मिली है। वनडे विश्वकप जीतने वाली हरमनप्रीम के नेतृत्व वालीमहिला टीम इस बार टी20 विश्वकप ट्रॉफी पर कब्जा करना चाहेगी।

डेव्यू मैच में मानव सुथार ने खोला पंजा

मुल्लांपुर। भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र ऐतिहासिक टेस्ट मैच में भारत के 23 वर्षीय युवा स्पिनर मानव सुथार ने अपने ड्रीम डेब्यू पर शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने अपनी फिरकी के जादू से पहली ही पारी में छह विकेट चटकाए और अफगानिस्तान की पारी को ध्वस्त करने में मुख्य भूमिका निभाई। मैच के पहले ही ओवर में विकेट लेकर उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की। वह करियर के अपने पहले टेस्ट के पहले ओवर में विकेट लेने वाले केवल 8वें भारतीय गेंदबाज़ बने हैं। शानदार गेंदबाजी करते हुए उन्होंने पारी में अपने 5 विकेट पूरे किए, जिसके साथ ही वे डेब्यू टेस्ट में 5 विकेट लेने वाले 10वें भारतीय गेंदबाज बन गए। उनकी सटीक लाइन और टर्न ने अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को काफी परेशान किया, जिसके कारण विरोधी टीम भारतीय टीम के विशाल स्कोर के जवाब में बुरी तरह संघर्ष करती नजर आई। गेंदबाजी से पहले उन्होंने नंबर 8 पर बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाए थे।

Related Articles

Back to top button