दवा लेने निकला था युवक, तीन दिन बाद झाड़ियों में मिली लाश, परिवार ने लगाए चौंकाने वाले आरोप

उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता युवक का शव झाड़ियों में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया सड़क हादसे की संभावना मानते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  उन्नाव में तीन दिन से लापता युवक का शव झाड़ियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन जहां इसे हत्या का मामला बता रहे हैं, वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क हादसे से जोड़कर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

दवा लेने निकला था युवक, तीन दिन बाद मिला शव

जानकारी के अनुसार, युवक 3 जुलाई को दवा लेने की बात कहकर बाइक से घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने मौरांवा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। सोमवार को बिहार थाना क्षेत्र के रावतपुर गांव के पास झाड़ियों में एक शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान लापता युवक के रूप में की।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

शव देखने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि पहचान छिपाने के उद्देश्य से युवक के सिर और दाढ़ी के बाल साफ कर दिए गए थे। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस सड़क हादसे की आशंका पर कर रही जांच

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की गहन जांच की जाएगी।

रिपोर्ट – रंजन बाजपाई

यह भी पढ़ें: मीरजापुर: भैंस तो घर लौट आई, लेकिन बेटा नहीं… खेत में मिला युवक का शव

Related Articles

Back to top button