बरेली में सड़क हादसे का शिकार हुआ युवक, पांच बहनों का था इकलौता भाई
उत्तर प्रदेश के बरेली के मंदिर में पूजा कर पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहे 36 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बरेली के मंदिर में पूजा कर पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहे 36 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई।
नवाबगंज-सेंथल मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से जा भिड़ी। हादसे में युवक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
नवाबगंज क्षेत्र के कुआंटांडा गांव निवासी सूरज उर्फ रिंकू शनिवार दोपहर पत्नी सरिता के साथ मंदिर गए थे। पूजा-अर्चना के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। सेंथल मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर पोल से जा टकराई। सूरज के सिर में गंभीर चोट आई।सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल सरिता को प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पांच बहनों के इकलौते भाई थे सूरज
सूरज पांच बहनों के इकलौते भाई थे। चार बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बहन आदेशवती की शादी होनी बाकी है। परिजनों के मुताबिक सूरज छोटी बहन की शादी धूमधाम से करने की तैयारी में जुटे थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बेटे का शव देख बेसुध हुई मां
सूरज का शव घर पहुंचते ही मां मुन्नी देवी बदहवास हो गईं। बेटे का शव देखकर वह जमीन पर गिर पड़ीं और रोते हुए उसे उठाने की गुहार लगाती रहीं। मां की चीख-पुकार से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
बीमार पांच माह के बेटे के इलाज में जुटे थे सूरज के परिवार में पत्नी के अलावा पांच साल की बेटी और पांच माह का बेटा है। पांच माह का बेटा बीमार है और निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार सूरज बेटे के इलाज को लेकर काफी चिंतित थे।
परिवार को उम्मीद थी कि बच्चा जल्द स्वस्थ होकर घर लौटेगा, लेकिन इससे पहले ही हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
पत्नी अस्पताल में उपचाराधीन है और दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। सूरज की मौत से पांचों बहनों और पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
रिपोर्ट –सुनील सक्सेना,बरेली



