मंदिर दर्शन को निकला था युवक, पुल पर फिसला पैर और अदवा नदी में बह गया
मिर्जापुर के हलिया में कोटारनाथ महादेव मंदिर जाते समय 26 वर्षीय धर्मराज उर्फ वीरन अदवा नदी के तेज बहाव में बह गया। ग्रामीणों और पुलिस की तलाश जारी है, लेकिन देर शाम तक सुराग नहीं मिला।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः लगातार बारिश और बाढ़ के बीच हलिया क्षेत्र में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। मंगलवार सुबह दर्शन-पूजन के लिए कोटारनाथ महादेव मंदिर जा रहा 26 वर्षीय युवक अदवा नदी के तेज बहाव में बह गया। पुल के पास पैर फिसलने के बाद वह देखते ही देखते नदी की धारा में समा गया। ग्रामीणों और पुलिस की ओर से उसकी तलाश जारी है, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका।
हलिया थाना क्षेत्र के सोठिया खुर्द गांव निवासी सुग्रीव का पुत्र धर्मराज उर्फ वीरन मंदिर की ओर जा रहा था। बताया गया कि अदवा नदी के पुल से गुजरते समय तेज बहाव के बीच उसका पैर फिसल गया।
ग्रामीणों ने नदी में उतरकर शुरू की तलाश
धर्मराज को नदी में बहते देखकर नदी किनारे मौजूद गौरी शंकर गिरी, छोटकू कोल समेत अन्य ग्रामीणों ने शोर मचाया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
गांव निवासी सुशील सिंह के मुताबिक, युवक के नदी में बहने की सूचना तत्काल 112 पुलिस को दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी के बहाव की दिशा में करीब 10 किलोमीटर दूर बरौधा तक खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक युवक का पता नहीं चल सका।
तेज बहाव ने बढ़ाई तलाश अभियान की मुश्किल
अदवा नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण युवक की तलाश में ग्रामीणों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद धर्मराज के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक के नदी में बहने की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
देर शाम तक ग्रामीण नदी के आसपास लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे। वहीं, इलाके में घटना के बाद दहशत का माहौल है।
पुलिस ने संभाली तलाश, परिजनों का बुरा हाल
हलिया थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि युवक के नदी में बहने की सूचना मिली है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। तेज बहाव के कारण खोज अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
परिजन किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं और युवक के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। लगातार बारिश के बीच नदी-नालों में बढ़े जलस्तर को देखते हुए ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: आंदोलन से पहले अचानक स्कूल पहुंचे कमिश्नर, बच्चों के बीच बैठकर खाया खाना



