मुरादाबाद में LPG गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें: मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह
आंजनेय कुमार सिंह ने कहा कि फिलहाल मुरादाबाद में गैस सिलेंडर को लेकर किसी प्रकार का कोई संकट नहीं है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद मंडल में LPG गैस सिलेंडर की कथित कमी को लेकर फैल रही खबरों पर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। आंजनेय कुमार सिंह ने कहा कि फिलहाल मुरादाबाद में गैस सिलेंडर को लेकर किसी प्रकार का कोई संकट नहीं है।
मंडलायुक्त ने बताया कि बाहर की खबरों को सुनकर लोग अनावश्यक रूप से पैनिक हो रहे हैं और कुछ लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अफवाहें फैला रहे हैं। प्रशासन ने ऐसी अफवाहों पर नजर रखते हुए अभियान चलाकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा कि यदि जमाखोरी और कालाबाजारी नहीं होती है तो मुरादाबाद मंडल में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं होगी। प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और आपूर्ति व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है।
मंडलायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की जरूरत नहीं है। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रशासन सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखे हुए है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


