नाश्ते के समय की ये गलतियां बढ़ा देती हैं हाई बीपी

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन) को नियंत्रित करने के लिए अक्सर लोग रात के खाने और नमक पर ध्यान देते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि सुबह का नाश्ता आपके बीपी लेवल को सेट करने में सबसे बड़ी भूमिका निभाता है? हाल ही में हुए एक शोध में बताया गया है कि नाश्ते के समय की जाने वाली कुछ आम गलतियां हाई बीपी के जोखिम को तेजी से बढ़ा सकती हैं। सुबह का ब्रेकफास्ट केवल शरीर को ऊर्जा देने का काम नहीं करता, बल्कि यह हमारे हार्मोनल संतुलन, सोडियम स्तर और रक्त वाहिकाओं की कार्यक्षमता को भी निर्धारित करता है। लेकिन गलत नाश्ता इंसुलिन स्पाइक का कारण बनता है, जिससे शरीर सोडियम को रोकना शुरू कर देता है और धमनियों पर दबाव बढ़ जाता है। अगर आप भी सुबह जल्दबाजी में कुछ भी खा लेते हैं, तो यह आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक है।
बेकरी आइटम
सुबह-सुबह ब्रेड-बटर, जैम टोस्ट या चीज सैंडविच जैसे बेकरी उत्पादों का सेवन धमनियों के लिए नुकसानदायक होता है। इनमें मौजूद मैदा और सैचुरेटेड फैट हमारी रक्त वाहिकाओं की अंदरूनी परत को इरिटेट यानी उत्तेजित करते हैं। यह निरंतर उत्तेजना धमनियों को सख्त बना सकती है, जिससे दिल को रक्त पंप करने में अधिक मेहनत करनी पड़ती है और बीपी बढ़ जाता है। इसलिए हाई ब्लड प्रेशर से बचने के लिए अपने नाश्ते की डाइट में बदलाव करना सबसे आसान और प्रभावी तरीका है।
सिर्फ फलों का नाश्ता
कई लोग स्वस्थ रहने के लिए नाश्ते में सिर्फ फल खाते हैं, लेकिन डॉक्टर शालिनी के अनुसार यह भी एक गलती है। फलों में मौजूद फ्रक्टोज का अचानक बढऩा शरीर में स्ट्रेस हार्मोन्स को सक्रिय कर सकता है। ये हार्मोन रक्त वाहिकाओं को सिकोड़ते हैं, जिससे सीधे तौर पर ब्लड प्रेशर में बढ़ोतरी देखी जाती है। फलों को हमेशा संतुलित मात्रा में अन्य प्रोटीन स्रोतों के साथ ही लेना चाहिए।
नमकीन खाना
पोहे या उपमा का स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से नमकीन डालना सोडियम की मात्रा को तेजी से बढ़ा देता है। अक्सर इन नमकीनों में अजीनोमोटो का भी उपयोग किया जाता है, जो नर्वस सिस्टम और बीपी दोनों के लिए हानिकारक होते है। इसके अतिरिक्त, जल्दबाजी या तनाव में नाश्ता करने से कोर्टिसोल और एड्रिनालिन हार्मोन बढ़ते हैं, जो तत्काल ब्लड प्रेशर को ऊपर ले जाते हैं। खाने की अच्छी गुणवत्ता रखना और इत्मिनान से खाना दोनों ही हृदय को हेल्दी रखने के लिए बहुत जरूरी है।
प्रोटीन की कमी
नाश्ते में प्रोटीन का सेवन न करना हाई बीपी के खतरे को बढ़ाता है। प्रोटीन में विशेष पेप्टाइड्स पाए जाते हैं जिनमें बीपी को कम करने वाले गुण होते हैं। प्रोटीन शरीर के मेटाबॉलिज्म को भी स्थिर रखता है और इंसुलिन के स्तर को अचानक बढऩे से रोकता है। नाश्ते में दाल, अंडे या नट्स शामिल करना हृदय स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होता है।
रिफाइंड कार्ब्स खतरनाक
नाश्ते में बिस्किट या सिर्फ चाय पीना सेहत के लिए जोखिम भरा हो सकता है। बिस्किट में रिफाइंड कार्ब्स अधिक होते हैं जो शरीर में इंसुलिन स्पाइक कराते हैं। जब इंसुलिन बढ़ता है, तो यह किडनी को अधिक सोडियम रोकने का संकेत देता है, जिससे रक्त का दबाव बढऩे लगता है। डॉक्टर सलाह देती हैं कि सुबह-सुबह मैदा और चीनी के भारी सेवन से बचना चाहिए। रिफाइंड चीजों की जगह साबुत अनाज और प्रोटीन को जगह दें। आपकी सुबह की ये छोटी सी सावधानी आपको भविष्य की बड़ी कार्डियोवैस्कुलर समस्याओं से सुरक्षित रख सकती है।



