बेटी की लव मैरिज पर भड़की रंजिश, सास की हत्या में दामाद समेत तीन गिरफ्तार
आरोप है कि दामाद ने अपने चाचा और एक अन्य साथी के साथ मिलकर बीच रास्ते में कुल्हाड़ी से हमला कर 45 वर्षीय सास की निर्मम हत्या कर दी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
बेटी के प्रेम विवाह का विरोध करना एक मां को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। आरोप है कि दामाद ने अपने चाचा और एक अन्य साथी के साथ मिलकर बीच रास्ते में कुल्हाड़ी से हमला कर 45 वर्षीय सास की निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई, जबकि एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, कोर्रही निवासी दिवंगत राजू की पत्नी बानो (45) शनिवार को अपनी 22 वर्षीय बेटी आलिया और रेशमा के साथ घर लौट रही थीं। घर से करीब 500 मीटर दूर तालाब के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपी लवकुश वर्मा, उसके चाचा छोटेलाल और सत्तू ने बानो के गले पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि करीब आठ माह पहले लवकुश वर्मा, बानो की बालिग बेटी आलिया को अपने साथ ले गया था और दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था। विवाह के बाद दोनों सूरत में रह रहे थे। अप्रैल में गांव लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आलिया अपनी मां बानो के साथ रहने लगी।
बताया जा रहा है कि घटना से कुछ घंटे पहले बानो ने यूपी-112 पुलिस बुलाकर बेटी का सामान आरोपी के घर से निकलवाया था। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश और बेटी के संबंधों को लेकर चल रहे विवाद के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बिसंडा पुलिस, क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट -इकबाल खान, बांदा



