मिर्जापुर में टोल प्लाजा विवाद गरमाया: कांग्रेस धरने में कूदे सपा नेता, SDM से बहस का वीडियो वायरल
मिर्जापुर में टोल प्लाजा हटाने की मांग को लेकर चल रहे कांग्रेस धरने में सपा नेता सतीश मिश्रा के पहुंचने से विवाद बढ़ गया। एसडीएम से कहासुनी और धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल होने के बाद सियासी माहौल गरमा गया है।

4pm न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर में टोल प्लाजा को लेकर चल रहा विरोध अब सियासी टकराव में बदल गया है। 10 दिनों से धरने पर बैठे कांग्रेसी नेताओं के बीच अचानक सपा नेता की एंट्री हुई, और देखते ही देखते मामला प्रशासन बनाम नेताओं की सीधी भिड़ंत में बदल गया। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिर्जापुर जिले के अहरौरा और अष्टभुजा विंध्याचल इलाके में टोल प्लाजा हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर में पिछले 10 दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे। बताया जा रहा है कि बीती रात प्रशासन ने धरना खत्म कराने के लिए सख्ती दिखाई और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया। इसके बाद कांग्रेसी नेता सड़क पर बैठकर विरोध जताने लगे।
सपा नेता की एंट्री से बढ़ा विवाद
इसी बीच सपा नेता और अधिवक्ता सतीश मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए और कांग्रेसियों के समर्थन में खड़े हो गए। इसके बाद माहौल और गरमा गया। सपा नेता सतीश मिश्रा और एसडीएम सदर गुलाब चंद के बीच जमकर कहासुनी हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
वायरल वीडियो में आरोप है कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सपा नेता के साथ धक्का-मुक्की की।
इस दौरान सतीश मिश्रा ने नाराजगी जताते हुए पुलिस से कहा कि उन्हें हाथ न लगाया जाए। उन्होंने खुद को अधिवक्ता बताते हुए कहा कि उनके साथ इस तरह का व्यवहार गलत है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें मौके से हटाने की कार्रवाई जारी रखी।
वीडियो वायरल, बढ़ा सियासी तापमान
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मिर्जापुर में सियासी माहौल गरमा गया है। सोशल मीडिया पर लोग इस पूरे मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई।
मुद्दा क्या है?
- अहरौरा और अष्टभुजा विंध्याचल में टोल प्लाजा हटाने की मांग
- 10 दिनों से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना
- प्रशासन की कार्रवाई के बाद सड़क पर प्रदर्शन
- सपा नेता की एंट्री के बाद बढ़ा विवाद
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी
यह भी पढ़ें: मुठभेड़ में गोली लगी… फिर भी भाग गया! कानपुर में पुलिस को चकमा देकर फरार लुटेरा



