मुठभेड़ में गोली लगी… फिर भी भाग गया! कानपुर में पुलिस को चकमा देकर फरार लुटेरा

कानपुर में मुठभेड़ में घायल लुटेरा पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। बर्रा थाना पुलिस आरोपी को इलाज के लिए हैलट अस्पताल लेकर गई थी, जहां से वह चकमा देकर भाग निकला। पुलिस ने शहरभर में अलर्ट जारी कर उसकी तलाश तेज कर दी है।

4pm न्यूज नेटवर्क:  कानपुर में पुलिस की बड़ी चूक सामने आई है। जिस लुटेरे को मुठभेड़ के बाद घायल हालत में गिरफ्तार किया गया था, वही अब पुलिस की कस्टडी से फरार हो गया है। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते वक्त आरोपी के भागने की खबर से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।

कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में हाल ही में एक लुटेरे को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार किया था। आरोपी ने चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई और उसके पैर में गोली लगी थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे इलाज के लिए हैलट अस्पताल लेकर पहुंची थी। लेकिन इसी दौरान आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया।

कैसे हुआ फरार?

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, लुटेरा अस्पताल में इलाज के दौरान पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। हालांकि, फरारी के सटीक हालात को लेकर पुलिस अभी खुलकर कुछ नहीं कह रही है। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जैसे ही लुटेरे के फरार होने की खबर सामने आई, पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। आला अधिकारी तुरंत हरकत में आए और शहरभर में अलर्ट जारी कर दिया गया।

तलाश में जुटी पुलिस

  • शहर के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर चेकिंग बढ़ा दी गई है
  • संदिग्ध जगहों पर दबिश दी जा रही है
  • सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं

बर्रा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मिलकर फरार आरोपी की तलाश कर रही हैं।

पहले भी कर चुका है लूट

बताया जा रहा है कि यह आरोपी एक शातिर लुटेरा है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर तमंचे के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस पहले ही उसके दो अन्य साथियों की तलाश कर रही थी। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर पुलिस कस्टडी से एक घायल आरोपी कैसे फरार हो गया? क्या सुरक्षा में लापरवाही हुई या फिर अंदर से कोई चूक हुई? इस पूरे मामले की जांच के आदेश भी दिए जा सकते हैं।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा

यह भी पढ़ें: कानपुर Z Square मॉल में पुलिस की मॉक ड्रिल, आग और हमले जैसी स्थिति से निपटने का किया अभ्यास

Related Articles

Back to top button