बांदा में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से 6 साल के मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम

बांदा के बबेरू क्षेत्र में 6 साल के मासूम की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। भैंस निकालते समय बच्चा गहरे पानी में चला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, गांव में शोक का माहौल है।

4pm न्यूज नेटवर्क: बांदा जिले के बबेरू इलाके से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां एक 6 वर्षीय मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा इतना अचानक हुआ कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मासूम की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, हर तरफ मातम छा गया।

भैंस निकालने गया था बच्चा, गहरे पानी में फिसला पैर

जानकारी के मुताबिक, बबेरू कोतवाली क्षेत्र के परसौली गांव निवासी 6 वर्षीय प्रदीप कुमार, अपने घर की भैंस को तालाब से निकालने गया था। इसी दौरान वह तालाब के गहरे हिस्से में चला गया और संतुलन बिगड़ने से पानी में डूब गया। पास में मौजूद लोगों को जब इस घटना का पता चला, तो उन्होंने तुरंत परिवार और पुलिस को सूचना दी।

1 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव

घटना के बाद ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर बच्चे को ढूंढने की कोशिश शुरू की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।

परिवार में मचा कोहराम

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और परिजन बेसुध हो गए। गांव में भी शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही बबेरू कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह राजावत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।

ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा पर सवाल

यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि गांवों में खुले तालाब और जलस्रोत बच्चों के लिए कितना बड़ा खतरा बन सकते हैं।अक्सर बिना सुरक्षा इंतजाम के ऐसे स्थान हादसों का कारण बन जाते हैं।

रिपोर्ट -इक़बाल खान

यह भी पढ़ें: कानपुर मेट्रो में सुरक्षा में बड़ी चूक! नशे में युवक ट्रैक पर उतरा, हाई वोल्टेज लाइन के बीच मचा हड़कंप

Related Articles

Back to top button