तीन साल के मासूम के साथ ऐसा बर्ताव, शिक्षिका पर थप्पड़ मारने और नोचने का आरोप
पिता का दावा है कि स्कूल का सीसीटीवी फुटेज देखने पर शिक्षिका बच्चे को थप्पड़ मारती और उसके सिर को नोचती दिखाई दीं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: शाहपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी कॉलोनी में तीन साल के मासूम के साथ स्कूल में मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है।
बच्चे के परिजनों ने स्कूल की शिक्षिका पर थप्पड़ मारने और सिर को नाखून से नोचने का आरोप लगाया है। पिता का दावा है कि स्कूल का सीसीटीवी फुटेज देखने पर शिक्षिका बच्चे को थप्पड़ मारती और उसके सिर को नोचती दिखाई दीं। शनिवार को पिता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एचएन सिंह चौराहे के पास गोविंद नगरी निवासी अतुल सिंह के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा कक्षा तीन में पढ़ता है, जबकि छोटे बेटे की उम्र तीन साल है। परिजनों के मुताबिक, जुलाई में छोटे बेटे का पास के एक स्कूल में दाखिला कराया गया था। इसके बाद से ही बच्चा स्कूल जाने के नाम पर रोने लगता था। हालांकि, शुरुआत में परिजन उसकी परेशानी की वजह नहीं समझ पाए।
खाना नहीं खाने पर किया वीडियो कॉल
अतुल सिंह के मुताबिक, चार दिन पहले स्कूल से वीडियो कॉल आया था। इसमें उनका बेटा कांपते हुए रो रहा था। शिक्षिका ने बताया कि बच्चा खाना नहीं खा रहा है। पिता का आरोप है कि इस दौरान बच्चे के मुंह में जबरन रोटी ठूंस दी गई थी। जानकारी मिलने पर परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चे को घर ले आए।
बच्चे की मां सालवी सिंह ने बताया कि घर आने के बाद बेटे ने शिक्षिका की ओर से पिटाई किए जाने की बात बताई। उसके सिर पर नाखून से नोचने के निशान भी मिले। मां के मुताबिक, अब बच्चा स्कूल का नाम सुनते ही चीखने लगता है। वह काफी डरा हुआ है।
एक महीने का फुटेज मांगने पर विवाद का आरोप
पिता अतुल सिंह का कहना है कि अगले दिन वह स्कूल पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज देखा। उनके दावे के मुताबिक, फुटेज में शिक्षिका बच्चे को थप्पड़ मारती और उसके सिर को नाखून से नोचती दिखाई दीं।
इसके बाद उन्होंने प्रिंसिपल से एक महीने का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की मांग की। आरोप है कि इस पर प्रिंसिपल नाराज हो गई और उन्होंने कथित तौर पर कहा कि जो करना है कर लो, यहां से कुछ नहीं मिलेगा।
परिजनों का यह भी आरोप है कि संबंधित शिक्षिका दूसरे बच्चों के साथ भी मारपीट करती हैं। पिता ने पुलिस से स्कूल का सीसीटीवी फुटेज जल्द कब्जे में लेने की मांग की है। उन्हें आशंका है कि देरी होने पर साक्ष्यों से छेड़छाड़ की जा सकती है।
उनका कहना है कि मामला केवल उनके बेटे तक सीमित नहीं है, बल्कि स्कूल में पढ़ने वाले अन्य बच्चों की सुरक्षा से भी जुड़ा है। शाहपुर थाना प्रभारी अंजय सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



