बीजेपी के दो विधायक आमने-सामने, ढाई करोड़ की जमीन को लेकर बढ़ा विवाद
उन्नाव में बीजेपी के दो विधायकों के बीच ढाई करोड़ की जमीन को लेकर विवाद बढ़ गया। ब्रजेश रावत और पंकज गुप्ता के समर्थकों के बीच तनाव के बाद पुलिस जांच में जुटी है।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: उन्नाव की राजनीति में इन दिनों जमीन विवाद को लेकर हलचल तेज हो गई है। सत्ता पक्ष के भीतर ही सियासी टकराव खुलकर सामने आ गया है। मामला बीजेपी के दो विधायकों के बीच का है, जहां करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप-प्रत्यारोप से निकलकर मामला गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। पूरे घटनाक्रम के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है और पुलिस जांच के केंद्र में आ गई है।
नवीन मंडी के पास की जमीन बनी विवाद की वजह
पूरा मामला उन्नाव शहर के नवीन मंडी के पास स्थित एक कीमती जमीन से जुड़ा है। कानपुर-लखनऊ हाईवे किनारे स्थित इस जमीन की कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसी जमीन को लेकर ब्रजेश रावत और पंकज गुप्ता के बीच विवाद खुलकर सामने आ गया। जानकारी के मुताबिक जमीन पर निर्माण कार्य चलने की सूचना मिलने के बाद मोहान विधायक ब्रजेश रावत मौके पर पहुंचे। वहां पहले से कुछ लोग निर्माण कार्य करा रहे थे। आरोप है कि मौके पर लगे कुछ पिलरों को गिरा दिया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए।
समर्थकों के बीच बढ़ा तनाव, पुलिस को संभालना पड़ा मोर्चा
घटनास्थल पर देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच गई। हालात बिगड़ते देख भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हाईवे किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे मामले की चर्चा शहरभर में होने लगी।
ब्रजेश रावत बोले- यह हमारी पुश्तैनी जमीन
मोहान विधायक ब्रजेश रावत का कहना है कि विवादित जमीन उनके परिवार की पुश्तैनी संपत्ति है। उनका दावा है कि यह जमीन उन्हें उनके नाना-नानी से मिली है और इस पर कोर्ट का स्टे ऑर्डर भी मौजूद है। इसके बावजूद जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना कानूनी प्रक्रिया पूरी किए जमीन पर निर्माण कराया जा रहा था, जिसका उन्होंने विरोध किया।
पंकज गुप्ता ने आरोपों से किया इनकार
वहीं सदर विधायक पंकज गुप्ता ने खुद को पूरे विवाद से अलग बताया है। उन्होंने कहा कि ब्रजेश रावत उनकी ही पार्टी के विधायक हैं और भाई जैसे हैं, लेकिन इस जमीन विवाद से उनका कोई सीधा संबंध नहीं है। पंकज गुप्ता ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के बाद पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
दोनों पक्ष पहुंचे पुलिस के पास
जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है। एक पक्ष ने कब्जा और धमकी देने के आरोप लगाए हैं, जबकि दूसरे पक्ष ने मारपीट और दबंगई का आरोप लगाया है। यूपी पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्नाव की राजनीति में बढ़ी हलचल
एक ही पार्टी के दो विधायकों के बीच खुलकर सामने आया यह विवाद अब राजनीतिक चर्चा का बड़ा मुद्दा बन गया है। स्थानीय राजनीतिक गलियारों में इसे बीजेपी के अंदरूनी टकराव के तौर पर देखा जा रहा है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई
यह भी पढ़ें: Kanpur Bus Accident: तेज रफ्तार बस नहर में गिरी, चीख-पुकार के बीच यात्रियों को बचाने में जुटे लोग



