पत्नी की मौत के दो साल बाद पति ने भी गंवाई जान? बंद कमरे का दर्दनाक सच आया सामने

मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के गोपलपुर गांव में 45 वर्षीय अमृत लाल का शव बंद कमरे में फंदे से लटका मिला। पत्नी की मौत के दो साल बाद हुई इस घटना की पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  मड़िहान थाना क्षेत्र के गोपलपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। 45 वर्षीय अमृत लाल का शव उनके घर के भीतर फंदे से लटका मिला। कई दिनों तक घर से बाहर न दिखने और तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर शव को बाहर निकाला और जांच शुरू कर दी।

दुर्गंध से हुआ घटना का खुलासा

स्थानीय लोगों के अनुसार अमृत लाल घर में अकेले रहते थे। जब लगातार घर से दुर्गंध आने लगी तो अनहोनी की आशंका में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया, जहां उनका शव फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक स्थिति के आधार पर आशंका है कि उनकी मौत करीब तीन दिन पहले हुई थी। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही होगी।

पत्नी की मौत के बाद अकेले रह रहे थे

ग्रामीणों का कहना है कि करीब दो वर्ष पहले अमृत लाल की पत्नी की भी फांसी लगने से मौत हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान और गुमसुम रहने लगे थे। वह अकेले जीवन बिता रहे थे। हालांकि, उनकी मौजूदा मौत के कारणों को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में हाईटेक हुई जमीन की पैमाइश, सैटेलाइट तकनीक से मिली बड़ी राहत

Related Articles

Back to top button