बेकाबू थार का कहर! 6 लोगों को कुचला, एक की मौत, दो की हालत गंभीर

रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार और बेकाबू एसयूवी (थार) ने छह लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में 40 साल के धर्मेंद्र कुमार की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
थार चला रहे युवक की हुई पहचान
पुलिस ने थार चला रहे व्यक्ति की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए बुधवार रात से ही छापेमारी चल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, साउथ रेलवे कॉलोनी के दुर्गा मंदिर के पास एक गृह प्रवेश कार्यक्रम से खाना खाकर कुछ लोग बाहर निकले थे और सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे। तभी रेलवे स्टेशन की ओर से तेज रफ्तार में आई थार ने अपना संतुलन खो दिया और सामने खड़े लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ गई।
घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
लोगों का कहना है कि गाड़ी की रफ्तार बहुत तेज थी, जिससे किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में रेलवे की टीटी अन्नपूर्णा नायडू (50), उनके बेटे कुणाल नायडू (26), संदीप महतो (40), अमित सिंह (35) और प्रशांत गौरव शामिल हैं। अन्नपूर्णा और कुणाल का इलाज राज अस्पताल में चल रहा है, जबकि प्रशांत गौरव को गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी दो घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।
गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है। बताया गया है कि वह मोबाइल टावर लगाने से जुड़ी एक निजी कंपनी में काम करते थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि वाहन डोरंडा की ओर भागा था। चुटिया थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। स्टेशन रोड, नेपाल हाउस और दूसरे प्रमुख रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है। इसके साथ ही शहर के कई इलाकों में वाहन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।
घटना के बाद कॉलोनी में शोक और गुस्से का माहौल है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी रांची में एक तेज रफ्तार एसयूवी ने कई लोगों को टक्कर मारी थी। उस समय जब पुलिस ने गाड़ी रोकने की कोशिश की थी, तो चालक ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की थी। इसके बाद पुलिस ने एसयूवी पर फायरिंग कर ड्राइवर को काबू में किया था।



