81 शिक्षकों का होगा सम्मान, रिटायरमेंट उम्र में 2 साल की बढ़ोतरी; जानिए किसे मिलेगा पुरस्कार

शिक्षक दिवस पर यूपी के 81 शिक्षकों को राज्य और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार 2025 मिलेगा। गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे। जानें पुरस्कार और लाभ।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  गुरु का सम्मान सिर्फ एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि शिक्षा की नींव मजबूत करने वाले हाथों को सलाम है। शिक्षक दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के 81 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। शनिवार को गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चयनित शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार 2025 और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार 2025 प्रदान करेंगे।

61 बेसिक और 20 माध्यमिक शिक्षक होंगे सम्मानित

पुरस्कार के लिए चयनित 81 शिक्षकों में बेसिक शिक्षा विभाग के 61 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक शामिल हैं। इनमें 33 महिला शिक्षक हैं। समारोह में 76 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार और स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों के पांच शिक्षकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार दिया जाएगा।

शिक्षकों का चयन उनके उत्कृष्ट शैक्षिक कार्य, नवाचार और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के आधार पर किया गया है।

25 हजार रुपये के साथ मिलेंगे कई बड़े लाभ

प्रत्येक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और 25 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। राज्य अध्यापक पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु सीमा में दो वर्ष की वृद्धि भी होगी।

इसके अलावा इन शिक्षकों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में हर साल 4000 किलोमीटर तक आजीवन निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

गोरखपुर में होगा सम्मान समारोह

स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के लिए मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की थी। इसका उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करना है।

समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित शिक्षक शामिल होंगे। शासन ने उनके ठहरने की व्यवस्था विशिष्ट अतिथि के रूप में होटलों में की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें; आधी रात तक गूंजता रहा ‘नंद के घर आनंद भयो’, गोरखपुर में कान्हा के जन्म पर झूमे श्रद्धालु

Related Articles

Back to top button