मिर्जापुर मेडिकल कॉलेज में हंगामा, मूलभूत सुविधाओं की कमी पर भड़के MBBS छात्र

उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर जिले स्थित मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) में अव्यवस्थाओं को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर जिले स्थित मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) में अव्यवस्थाओं को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है।

कॉलेज में एमबीबीएस छात्रों ने मूलभूत सुविधाओं की कमी और प्रशासनिक लापरवाही के आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। छात्रों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन की अनदेखी के कारण उन्हें लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

बिजली, पानी और हॉस्टल सुविधाओं की कमी से नाराज छात्र

धरने पर बैठे छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज में बिजली, पानी, हॉस्टल, मेस और लाइब्रेरी जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब है। छात्रों के अनुसार, कॉलेज में जनरेटर मौजूद होने के बावजूद अक्सर बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे पढ़ाई और दैनिक जीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा, मेस की व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को लेकर भी छात्रों ने गंभीर सवाल उठाए हैं।

हॉस्टल में भीड़भाड़ का आरोप

छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि हॉस्टल में रहने की स्थिति बेहद खराब है। एक-एक कमरे में तीन-तीन छात्रों को रहने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे न केवल असुविधा हो रही है बल्कि मानसिक और शारीरिक परेशानियां भी बढ़ रही हैं। छात्रों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच ऐसी परिस्थितियां और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई समाधान नहीं दिया गया है।

पूर्व शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं

धरना दे रहे छात्रों का कहना है कि उन्होंने इन समस्याओं को लेकर पहले भी कॉलेज प्रशासन को कई बार अवगत कराया था। इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज में विकास और सुविधाओं पर दिखाया जाने वाला बजट वास्तविकता में जमीन पर दिखाई नहीं देता।

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विरोध

स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध जारी रखा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्रों के आक्रोश को देखते हुए कॉलेज प्रशासन भी दबाव में नजर आया।

छात्रों की मुख्य मांगें

धरना दे रहे एमबीबीएस छात्रों ने निम्न प्रमुख मांगें रखी हैं-24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति,स्वच्छ पेयजल व्यवस्था
हॉस्टल में उचित आवास सुविधा,मेस की गुणवत्ता में सुधार,लाइब्रेरी और शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता,प्रशासनिक लापरवाही पर कार्रवाई,मामले पर बढ़ता तनाव।

फिलहाल कॉलेज परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। छात्र अपनी मांगों को लेकर धरने पर डटे हुए हैं, जबकि प्रशासन समाधान निकालने की कोशिश में जुटा है। यदि जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। मिर्ज़ापुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्रों का यह विरोध प्रदर्शन संस्थान की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इन समस्याओं का समाधान कितनी जल्दी और कितनी प्रभावी तरीके से करता है।

रिपोर्ट:-संतोष देव गिरि, मिर्जापुर

Related Articles

Back to top button