राजस्थान विस में बीकानेर रेप-मर्डर केस पर मचा बवाल

  • कांग्रेस का वॉकआउट, गृह मंत्री ने जल्द गिरफ्तारी का दिया भरोसा
  • विपक्ष बोला- कातिल कब पकड़े जाएंगे, स्पीकर की सख्त टिप्पणी से और गरमाया माहौल

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में सोमवार को बीकानेर में नाबालिग के कथित रेप और मर्डर के मामले को लेकर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। ज़ीरो आवर के दौरान विपक्षी कांग्रेस विधायकों ने इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया और सरकार पर अपराधियों को बचाने का आरोप लगाया। जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया जिससे राजनीतिक माहौल और तनावपूर्ण हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने सदन में अनुशासन बनाए रखने की अपील की, लेकिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर थमता नहीं दिखा। इस पूरे घटनाक्रम ने राज्य में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लगातार हो रही तीखी नोकझोंक के बीच अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कांग्रेस विधायक मनीष यादव को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर बोलने के लिए बुलाया लेकिन उनके वॉकआउट और फिर वापस आने पर स्पीकर ने कड़ी नाराजगी जताई। देवनानी ने स्पष्ट शब्दों में कहा आप एक ही समय पर वॉकआउट भी करना चाहते हैं और बोलना भी चाहते हैं। यह स्वीकार्य नहीं है और सदन की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। गौरतलब है कि बीकानेर में शनिवार को एक 13 वर्षीय लडक़ी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थी। वह अपनी कक्षा 8 की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। बाद में उसका शव जंगल के पास मिला, जिसके बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने दुष्कर्म और हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

13 वर्ष की बच्ची की रेप के बाद की गयी हत्या: कांग्रेस विधायक

ज़ीरो आवर में कांग्रेस विधायक डूंगाराम गेदर ने इस संवेदनशील मुद्दे को उठाते हुए कहा कि एक 13 वर्षीय मासूम के साथ हुई इस जघन्य घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। उन्होंने सरकार से पूछा कि आखिर अब तक दोषियों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकी और जांच में देरी क्यों हो रही है। गेदर ने कहा कि अगर सरकार गंभीर होती तो अब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया होता। इस पर राज्य के गृह मंत्री जवाहर सिंह बेधम ने सदन को आश्वस्त किया कि पुलिस पूरी तत्परता से जांच कर रही है और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि नाबालिग का शव पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी में रखा गया है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। गृह मंत्री ने भरोसा दिलाया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

टीका राम जूली ने लगाये गंभीर आरोप

विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने सरकार के जवाब पर असंतोष जताते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने तीखे शब्दों में पूछा सरकार बताए कि कातिल कब पकड़े जाएंगे? जनता को सिर्फ आश्वासन नहीं कार्रवाई चाहिए। जूली ने आरोप लगाया कि सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही है। इस दौरान सत्ता पक्ष के चीफ व्हिप जोगेश्वर गर्ग ने विपक्ष पर इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है और विपक्ष को जांच पूरी होने से पहले राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए। इस पर गृह मंत्री बेधम ने भी विपक्ष के रवैये को सस्ती पॉलिटिक्स करार दिया, जिससे सदन का माहौल और गरमा गया।

Related Articles

Back to top button