बांदा में हाईटेंशन लाइन पर बवाल! दलित बस्ती के ऊपर से लाइन ले जाने का आरोप, डीएम से शिकायत

बांदा के परसौंडा गांव में 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लाइन दलित बस्ती के घरों के ऊपर से निकाली जा रही है। डीएम को ज्ञापन देकर मार्ग बदलने की मांग की गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  बांदा जिले के तिंदवारी ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत परसौंडा में सड़क चौड़ीकरण के दौरान प्रस्तावित 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन बिजली लाइन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग अनुसूचित जाति बस्ती के घरों के ऊपर से हाईवोल्टेज लाइन ले जाने की तैयारी कर रहा है। इसे लेकर लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर लाइन का मार्ग बदलने की मांग की है।

ग्रामीण बोले- खाली जमीन होने के बावजूद आबादी के ऊपर से लाइन क्यों?

प्रधान का पुरवा (अनुसूचित जाति बस्ती) के निवासियों का कहना है कि सड़क की दूसरी ओर पर्याप्त खाली जमीन उपलब्ध है, इसके बावजूद बिजली लाइन को आबादी के ऊपर से ले जाने की योजना बनाई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि घरों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरती है तो भविष्य में गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी। उनका कहना है कि जनहित और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लाइन का मार्ग बदला जाना चाहिए।

डीएम को सौंपा ज्ञापन, प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि प्रस्तावित 11 केवी बिजली लाइन को सड़क की दूसरी ओर से निकाला जाए। ज्ञापन पर कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान भी दर्ज हैं। फिलहाल प्रशासन और बिजली विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर है कि शिकायत के बाद प्रशासन क्या निर्णय लेता है।

रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: गोरखपुर जिला अस्पताल में लगेंगे नए CCTV कैमरे, डीएम ने मौके पर लिया बड़ा फैसला

Related Articles

Back to top button