कानपुर की बकरामंडी में बवाल, व्यापारियों और ग्राहकों के बीच जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

कानपुर के चमनगंज स्थित बकरामंडी में व्यापारियों और ग्राहकों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। हलीम मुस्लिम कॉलेज ग्राउंड में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर में बकरीद से पहले लगने वाली बकरामंडी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्राहकों और व्यापारियों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना चमनगंज थाना क्षेत्र स्थित हलीम मुस्लिम कॉलेज के बाहर मैदान में लगने वाली बकरामंडी की बताई जा रही है, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मामूली कहासुनी के बाद माहौल अचानक बिगड़ गया और देखते ही देखते लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे, लाठी-डंडे और बेल्ट से हमला करने लगे। घटना के दौरान बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए।

वायरल वीडियो ने बढ़ाई हलचल

मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कई लोग आपस में भिड़ते दिखाई दे रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी प्रशासन की ओर से नहीं की गई है, लेकिन स्थानीय लोग इसे चमनगंज थाना क्षेत्र के हलीम कॉलेज ग्राउंड की घटना बता रहे हैं।

किसी बात को लेकर शुरू हुआ था विवाद

स्थानीय सूत्रों के अनुसार व्यापारियों और ग्राहकों के बीच खरीद-फरोख्त को लेकर किसी बात पर बहस शुरू हुई थी। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। देखते ही देखते वहां मौजूद अन्य लोग भी झड़प में शामिल हो गए। बकरामंडी में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण कुछ देर के लिए स्थिति पूरी तरह तनावपूर्ण हो गई थी।

पुलिस की नजर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। चमनगंज थाना क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर स्थानीय पुलिस वीडियो के आधार पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

त्योहार से पहले सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बकरीद से पहले लगने वाली बकरामंडियों में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में कानपुर की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार के दौरान प्रशासन को ऐसे संवेदनशील बाजारों में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए, ताकि छोटे विवाद बड़े बवाल में न बदलें।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा

यह भी पढ़ें: उन्नाव में कड़ी सुरक्षा के बीच अदा हुई ईद-उल-जुहा की नमाज, अमन-चैन की मांगी गई दुआ

Related Articles

Back to top button