बांदा में ग्रामीणों का विरोध: शारदा माता मंदिर के पास शराब ठेका हटाने की मांग

गांव के लोगों ने देशी शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय का रुख किया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बांदा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां गांव के लोगों ने देशी शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय का रुख किया है।

जनपद बांदा के तरहटी कालिंजर गांव के ग्रामीणों ने आज जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आबादी क्षेत्र और शारदा माता मंदिर के पास स्थित देशी शराब के ठेके को हटाने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कालिंजर बघेलाबारी मुख्य सड़क पर स्थित इस ठेके के कारण गांव का माहौल बिगड़ता जा रहा है। यहां शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है और आवागमन प्रभावित होता है।

इतना ही नहीं, मंदिर में पूजा करने जाने वाली महिलाओं और बच्चियों को भी अभद्र टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है। शराबी घरों और दुकानों के सामने बैठकर शराब पीते हैं और वहीं गंदगी फैलाते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि विरोध करने पर शराबी गाली-गलौज और झगड़े पर उतारू हो जाते हैं, जिससे महिलाएं और बच्चे घर से बाहर निकलने में भी डरते हैं।

ज्ञापन देने वालों में सरस्वती, मोना, आशा, रिंकी गुप्ता, महेंद्र गुप्ता, मोहित साहू, सुरेंद्र गुप्ता और विनोद गुप्ता सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। फिलहाल ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

रिपोर्ट -इकबाल खान, बांदा

Related Articles

Back to top button