पश्चिम एशिया संकट बनेगा आईपीएल में बाधा!

  • एलपीजी की आपूर्ति और खिलाड़ियों की आवाजाही पर बीसीसीआई रख रहा नजर

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। आईपीएल के 19वें संस्करण की शुरुआत 28 मार्च से होनी है। बीसीसीआई अब 12 मार्च तक टूर्नामेंट के शुरुआती 20 दिनों का कार्यक्रम जारी हो सकता है। वहीं, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच बीसीसीआई टूर्नामेंट की तैयारियों पर कड़ी नजर रखे हुए है। खासतौर पर एलपीजी की आपूर्ति और विदेशी खिलाडिय़ों की यात्रा व्यवस्था को लेकर स्थिति की समीक्षा की जा रही है।
आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने कहा कि अभी तक होटलों या अन्य हितधारकों की ओर से किसी तरह की औपचारिक शिकायत नहीं आई है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर होटलों को एलपीजी की कमी से कोई दिक्कत होती है और वे बोर्ड को इसकी जानकारी देते हैं, तो उस आधार पर आगे फैसला लिया जाएगा। दरअसल, अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण पश्चिम एशिया में हालात तनावपूर्ण हैं, जिससे एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रसोई गैस की आपूर्ति को प्राथमिकता देने की बात कही है। इसके चलते होटलों और रेस्तरां के लिए मिलने वाली कमर्शियल एलपीजी में कमी की स्थिति बन सकती है। मुंबई, बंगलूरू और चेन्नई जैसे शहरों में कई रेस्तरां पहले ही गैस की कमी की आशंका जता चुके हैं। ऐसे में अगर कमर्शियल गैस की आपूर्ति प्रभावित होती है, तो इसका असर आईपीएल के दौरान होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर पर पड़ सकता है। आईपीएल 2026 से पहले विदेशी खिलाडिय़ों और प्रसारण टीमों की यात्रा व्यवस्था भी एक बड़ी चुनौती बन सकती है।

कल 19वें संस्करण का कार्यक्रम होगा जारी

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होनी है, लेकिन अभी तक बीसीसीआई ने टूर्नामेंट के कार्यक्रम का एलान नहीं किया है। हालांकि, अब बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने आईपीएल के आगामी सत्र के कार्यक्रम को लेकर बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 12 मार्च तक टूर्नामेंट के शुरुआती 20 दिनों का कार्यक्रम जारी किया जाएगा। सचिव सैकिया ने बताया कि आईपीएल के 19वें संस्करण का आयोजन 28 मार्च से 31 मई तक होगा। पहले इसकी विंडो 26 मार्च से 30 मई तय की गई थी, लेकिन अब तारीखों में थोड़ा बदलाव किया गया है। उन्होंने कहा, हम 12 मार्च तक आईपीएल 2026 का शेड्यूल घोषित करने की योजना बना रहे हैं। फिलहाल पहले 20 दिनों के मैचों का कार्यक्रम जारी किया जाएगा। दरअसल, बीसीसीआई शेष मैचों का कार्यक्रम बाद में जारी करेगा ताकि पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनावों से मैचों का टकराव न हो।

Related Articles

Back to top button