बरेली: थाने के अंदर आखिर क्या हुआ? हिरासत में युवक गंभीर घायल, परिवार ने उठाए बड़े सवाल

बरेली के बिथरी चैनपुर में पुलिस हिरासत के दौरान युवक का हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाया, जबकि पुलिस का दावा है कि युवक ने नशे में खुद शीशा तोड़कर चोट पहुंचाई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र से पुलिस हिरासत से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। चांदपुर बिचपुरी गांव के रहने वाले एक युवक का पुलिस हिरासत के दौरान दाहिना हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक का इलाज भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर बर्बरता और लापरवाही के आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस ने इन आरोपों से इनकार करते हुए अलग पक्ष रखा है। मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

छेड़छाड़ की शिकायत पर पुलिस युवक को थाने लाई

परिजनों के अनुसार, अनिल नाम का युवक ड्यूटी से घर लौट रहा था। रास्ते में गांव की एक महिला मिलने पर उसने उसे बाइक से घर छोड़ने की बात कही। इसी बीच महिला ने डायल 112 पर छेड़छाड़ की शिकायत कर दी। सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस अनिल को पूछताछ के लिए थाने ले गई।

अस्पताल में देखकर परिजनों के उड़े होश

अनिल की मां लज्जावती का आरोप है कि रात में जब परिवार थाने पहुंचा तो उन्हें जानकारी देने के बजाय वहां से भगा दिया गया। कुछ घंटे बाद पुलिस ने बताया कि अनिल घायल हो गया है और उसे एसआरएमएस अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि युवक का दाहिना हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त था और डॉक्टर उसका ऑपरेशन कर रहे थे। परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस का दावा- नशे में युवक ने खुद तोड़ा शीशा

एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि महिला की शिकायत पर अनिल को थाने लाया गया था। पुलिस के मुताबिक, युवक अत्यधिक शराब के नशे में था और उसने थाने में लगे शीशे पर हाथ मार दिया, जिससे शीशा टूटकर उसके हाथ में घुस गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि छेड़छाड़ के मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है।

रिपोर्ट: सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: बरेली में गेट के सामने चुन दी दीवार, रास्ता हुआ बंद; पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

Related Articles

Back to top button