बरेली में गेट के सामने चुन दी दीवार, रास्ता हुआ बंद; पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
बरेली के भोजीपुरा में गेट के सामने दीवार खड़ी कर रास्ता बंद करने का आरोप। विरोध करने पर पीड़ित पर मुकदमा दर्ज होने का दावा। वायरल वीडियो के बाद एसपी ने जांच के आदेश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अटापट्टी जनूबी गांव में एक परिवार ने आरोप लगाया है कि दबंग पड़ोसियों ने उनके घर के मुख्य गेट के सामने दीवार खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर पीड़ित परिवार के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। अब न्याय की उम्मीद में परिवार ने एसएसपी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
नाला विवाद से शुरू हुआ पूरा विवाद
पीड़ित सुरजीत सिंह के मुताबिक, करीब दो महीने पहले पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने उनके घर के सामने जबरन नाला खुदवा दिया था। इसकी शिकायत भोजीपुरा पुलिस से की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मामला अदालत पहुंचा, जहां से विपक्षी पक्ष को नोटिस जारी किया गया।
दीवार खड़ी करने और झूठा मुकदमा दर्ज कराने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि कोर्ट का नोटिस मिलने के बावजूद 9 जुलाई को आरोपी पक्ष ने घर के सामने का फर्श तोड़कर दीवार बनानी शुरू कर दी। विरोध करने पर परिवार की एक महिला से मारपीट की गई। इसके बाद सुरजीत सिंह के खिलाफ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज करा दिया गया। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें थाने में बैठाए रखा, जबकि इसी दौरान दबंगों ने दीवार का निर्माण पूरा कर लिया।
वायरल वीडियो के बाद जांच शुरू
घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। वीडियो में फर्श तोड़ने और विवाद की तस्वीरें सामने आने का दावा किया जा रहा है। वहीं, पीड़ित परिवार का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वे गांव छोड़ने को मजबूर हैं।
एसपी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: APK फाइल से मोबाइल हैक कर उड़ाते थे बैंक बैलेंस, बांदा पुलिस ने 9 साइबर ठगों को दबोचा



