‘राष्ट्र रिदम 2026’ में किस स्कूल ने मारी बाजी? स्मार्ट वॉच से हुआ विजेताओं का सम्मान

गोरखपुर में राष्ट्र रिदम 2026 में 22 स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और भारतीय संस्कृति पर समूह नृत्य प्रस्तुत किए। पीएन नेशनल पब्लिक स्कूल प्रथम रहा और विजेताओं को स्मार्ट वॉच मिली।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गोरखपुर का मंच देशभक्ति और भारतीय संस्कृति के रंगों से सजा नजर आया। ‘राष्ट्र रिदम 2026’ इंटर स्कूल समूह नृत्य प्रतियोगिता में 22 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने नृत्य के जरिए सैनिकों के शौर्य, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और देश की सांस्कृतिक विविधता को जीवंत कर दिया। प्रस्तुतियों ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।

22 स्कूलों के विद्यार्थियों ने मंच पर दिखाई प्रतिभा

गोरखपुर सहोदया स्कूल्स एसोसिएशन (GSSA) की ओर से सिविल लाइंस स्थित गोकुल अतिथि भवन में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’, राष्ट्रीय एकता, युवा शक्ति और विभिन्न राज्यों की लोक-संस्कृति को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। ऊर्जा, सामूहिक तालमेल, भाव-अभिव्यक्ति और आकर्षक वेशभूषा ने कार्यक्रम को खास बना दिया। GSSA अध्यक्ष अजीत दीक्षित ने कहा कि ‘राष्ट्र रिदम’ केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, टीम भावना और संस्कृति के प्रति सम्मान विकसित करने का मंच है।

पीएन नेशनल पब्लिक स्कूल ने मारी बाजी

प्रतियोगिता में तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल ने देशभक्ति की भावना, विषय-वस्तु, कोरियोग्राफी, तालमेल, रचनात्मकता और मंचीय प्रस्तुति समेत कई मानकों पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। पीएन नेशनल पब्लिक स्कूल ने पहला, एसपीएम पब्लिक स्कूल ने दूसरा और संस्कृति पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र के साथ स्मार्ट वॉच देकर सम्मानित किया गया।

सांसद बोले- संस्कार और रचनात्मकता से बनेगा भविष्य

मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि देश का भविष्य सिर्फ किताबों और परीक्षाओं से नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, रचनात्मकता और जिम्मेदारी की भावना से तैयार होता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में प्रधानाचार्यों और शिक्षकों का भी सम्मान किया गया। GSSA ने बताया कि ‘राष्ट्र रिदम’ को भविष्य में वार्षिक आयोजन के रूप में आयोजित करने की योजना है। समापन पर ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से सभागार गूंज उठा।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: देशभर में सुबह होता है ध्वजारोहण, कानपुर में रात 12 बजे क्यों फहरता है तिरंगा?

Related Articles

Back to top button