कौन हैं निधि राजदान? जानिए उनकी शिक्षा, डिग्री, पत्रकारिता का करियर और उपलब्धियां
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान की शादी की खबर इन दिनों चर्चा में है। दोनों ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा कर अपनी जिंदगी के नए सफर की जानकारी दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान की शादी की खबर इन दिनों चर्चा में है। दोनों ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा कर अपनी जिंदगी के नए सफर की जानकारी दी है।
इस खबर के सामने आने के बाद लोग निधि राजदान के बारे में जानने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। निधि राजदान देश की जानी-मानी पत्रकार और न्यूज एंकर रही हैं। उन्होंने करीब 21 साल तक NDTV में काम किया और देश-विदेश से जुड़े कई बड़े मुद्दों पर रिपोर्टिंग की।
निधि राजदान ने पत्रकारिता में आने से पहले इसकी पढ़ाई भी की थी। उन्होंने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से ग्रेजुएशन और भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो और टेलीविजन पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। पत्रकारिता के अलावा उन्होंने किताब भी लिखी है। आइए जानते हैं निधि राजदान की पढ़ाई, डिग्री, करियर और निजी जीवन से जुड़ी खास बातें।
कौन हैं निधि राजदान?
निधि राजदान भारत की जानी-मानी पत्रकार और न्यूज एंकर हैं. उनका संबंध कश्मीरी पंडित परिवार से है और उनका पैतृक निवास जम्मू-कश्मीर के बडगाम में बताया जाता है. उनके पिता महाराज कृष्ण राजदान भी पत्रकार रहे हैं और पीटीआई में एडिटर इन चीफ के पद पर काम कर चुके हैं. निधि को बचपन से ही समाचार और करेंट अफेयर्स से जुड़े माहौल में रहने का अवसर मिला. इसी वजह से उनका इंटरेस्ट भी पत्रकारिता की ओर बढ़ी.
निधि राजदान की एजुकेशनल क्वाफिकेशन
निधि राजदान ने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली के एपीजे स्कूल, शेख सराय से पूरी की. इसके बाद उन्होंने नई दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की. ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में आगे की पढ़ाई करने का फैसला किया. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो और टेलीविजन पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया. इस पढ़ाई ने उन्हें न्यूज रिपोर्टिंग, टेलीविजन पत्रकारिता और मीडिया के कामकाज को समझने में मदद की.
एनडीटीवी में 21 साल तक किया काम
पढ़ाई पूरी करने के बाद निधि राजदान ने एनडीटीवी के साथ अपने करियर की शुरुआत की. उन्होंने करीब 21 साल तक इस न्यूज चैनल में काम किया. इस दौरान उन्होंने भारतीय राजनीति, विदेश नीति और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग की. वह चैनल के चर्चित प्राइम टाइम कार्यक्रम ‘लेफ्ट, राइट एंड सेंटर’ की होस्ट भी रहीं. जून 2020 में उन्होंने एनडीटीवी छोड़ दिया. लंबे समय तक टेलीविजन पत्रकारिता में एक्टिव रहने के कारण उन्हें मीडिया जगत में खास पहचान मिली.
किताबें लिखीं और मिले कई पुरस्कार
निधि राजदान ने पत्रकारिता के अलावा राइटिंग में भी योगदान दिया है. उनकी चर्चित किताबों में Left, Right and Centre: The Idea of India शामिल है. साल 2009 में उन्हें जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत की रिपोर्टिंग के लिए रामनाथ गोयनका अवॉर्ड फॉर एक्सीलेंस इन जर्नलिज्म से सम्मानित किया गया. इसके अलावा उन्हें इंटरनेशनल प्रेस इंस्टीट्यूट (IPI) पुरस्कार भी मिल चुका है.
फिलहाल क्या कर रही हैं निधि राजदान?
निधि राजदान फिलहाल IILM यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ कम्युनिकेशन में निदेशक के रूप में कार्यरत हैं. इसके अलावा वह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ‘इंडिया एंड द वर्ल्ड’ नाम का कार्यक्रम भी होस्ट करती हैं. उनके प्रोफेशनल सफर में टेलीविजन पत्रकारिता, अंतरराष्ट्रीय मामलों की रिपोर्टिंग और राइटिंग की अहम भूमिका रही है.



