क्यों अलग है गोरखपुर का फातिमा अस्पताल? जानिए 31 साल की सफलता का राज
गोरखपुर के फातिमा अस्पताल ने 31वां स्थापना दिवस मनाते हुए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अस्पताल 1995 से लगातार सेवाएं दे रहा है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: शहर के पादरी बाजार स्थित फातिमा अस्पताल ने बुधवार को अपना 31वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया। इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों की सुरक्षा और सेवा भावना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर की गई, जिसके बाद अस्पताल की तीन दशक से अधिक की उपलब्धियों को साझा किया गया।
मरीजों का विश्वास सबसे बड़ी प्राथमिकता
अस्पताल के निदेशक डॉ. अरुण रोजेरियो ने कहा कि फातिमा अस्पताल पिछले 31 वर्षों से करुणामयी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल की पहली प्राथमिकता मरीजों की सुरक्षा, भरोसा और बेहतर उपचार है। आने वाले समय में आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ डॉक्टरों और मानवीय मूल्यों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल हर महीने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित करता है।
स्वच्छता और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं में अलग पहचान
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, फातिमा अस्पताल को पूर्वांचल के सबसे स्वच्छ अस्पतालों में विशेष पहचान मिली है। यहां महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए विशेषज्ञ सेवाओं के साथ मैमोग्राफी, सीटी स्कैन, एमआरआई, एंडोस्कोपी, कोलोनोस्कोपी, फिजियोथेरेपी विभाग और 24 घंटे मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा अस्पताल में इमरजेंसी सेवा, ब्लड बैंक, डायलिसिस यूनिट, फार्मेसी और एम्बुलेंस की सुविधा भी 24 घंटे संचालित होती है।
सेवा भावना के लिए कर्मचारियों का हुआ सम्मान
स्थापना दिवस समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नर्सिंग स्टाफ, हाउसकीपिंग और वार्ड कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में फातिमा कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य डॉ. एर्निन ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1995 में स्थापित फातिमा अस्पताल आयुष्मान भारत, CGHS, ECHS, ESIC और SBI सहित विभिन्न संस्थानों से संबद्ध है।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



