क्या घोरावल से ब्राह्मण चेहरा उतारेगी BSP? जैकी बाबा की एंट्री से तेज हुई सियासी चर्चा
मिर्जापुर में BSP की समीक्षा बैठक के बाद घोरावल विधानसभा सीट चर्चा में है। सुनील पांडेय (जैकी बाबा) के समर्थकों के पार्टी में शामिल होने से ब्राह्मण चेहरे को टिकट मिलने की अटकलें तेज हो गई हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मिर्जापुर में आयोजित बहुजन समाज पार्टी (BSP) की मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद घोरावल विधानसभा सीट राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गई है। बैठक में बड़ी संख्या में लोगों के BSP में शामिल होने के बाद यह अटकलें तेज हो गई हैं कि पार्टी इस सीट से किसी ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगा सकती है। हालांकि, पार्टी की ओर से उम्मीदवार की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
समीक्षा बैठक में दिखा चुनावी माहौल
मिर्जापुर में आयोजित बैठक में पूर्व एमएलसी एवं मुख्य मंडल प्रभारी दिनेश चंद्रा ने कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द ही चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देगी और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा।
सुनील पांडेय के साथ कई समर्थक BSP में शामिल
बैठक के दौरान घोरावल क्षेत्र से सुनील पांडेय (जैकी बाबा) अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। दावा किया गया कि उनके नेतृत्व में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कई कार्यकर्ताओं ने BSP की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद घोरावल सीट से संभावित उम्मीदवार को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

‘पार्टी मौका देगी तो चुनाव लड़ूंगा’
सुनील पांडेय ने कहा कि उन्होंने पहली बार सक्रिय राजनीति में कदम रखा है और यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है तो घोरावल विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: फर्जी IAS बनकर रचाई शादी! पति से मांगे 40 लाख, सोशल मीडिया की सच्चाई आई सामने\


