पूरे परिवार का कर देंगे सफाया
पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी, दिल्ली पुलिस को लिखा लेटर

- कंगना के खिलाफ की थी कार्रवाई की मांग
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
पटना। निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने इसके लिए डीसीपी नई दिल्ली को पत्र भी लिखा है। आरोप है कि उनकी आधिकारिक वेबसाइट के जरिए उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भेजी गई। शिकायत में सांसद को गोली मारने और पूरे परिवार का सफाया करने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पप्पू यादव ने मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
साथ ही उन्होंने धमकी भेजने वाले आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की भी मांग की है। सांसद और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की गई। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी इस धमकी की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, आज फिर जान से मारने की धमकी फिर मिली है पूरे परिवार को बम से उड़ाने का भी दावा किया है पर हम जनता की सेवा के पथ से विचलित नहीं होंगे युवाओं, छात्रों और मज़लूमों के लिए सब कुर्बान! पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बीजेपी सांसद कंगना रनौत पर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कंगना राणावत ने पूरी पीढ़ी को गाली दिया गटर जनरेशन कहा, हमारी बेटियों पर अनगिनत लोगों के साथ हमबिस्तर होने का आरोप लगाया। उनकी जवाबदेही कब तय होगी? उन्हें सदन से निष्कासित किया जाए। गिरफ्तार कर मुकदमा हो। पप्पू यादव ने तंज कसते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी GenZ को फ्रेंड्स कहते हैं। यह उन्हें गटर जनरेशन गद्दार कहती हैं। जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन और कुछ बयानों पर कंगना ने कहा, मैंने अपनी जिंदगी में कभी एक जगह पर इतनी बदसूरती नहीं देखी। ‘जेन जी’ प्रदर्शनों की ये रील्स उल्टी लाने वाली हैं।



