बदायूं में तार चोर गैंग का पर्दाफाश, तमंचा-कारतूस समेत पांच आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में मुजरिया थाना पुलिस ने रात के समय बिजली लाइन के तार और अन्य सामान चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में मुजरिया थाना पुलिस ने रात के समय बिजली लाइन के तार और अन्य सामान चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, एक हुंडई ऑरा कार और बड़ी मात्रा में बिजली का तार व ट्रांसफार्मर ऑयल बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार 25/26 जुलाई की रात सूचना मिली थी कि ग्राम तिगोड़ा के पास उझानी की ओर जाने वाले हाईवे के किनारे कुछ लोग खेत में बिजली लाइन का तार काटकर इकट्ठा कर रहे हैं। सूचना पर मुजरिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से पांच लोगों को पकड़ लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरेन्द्र निवासी चितौरा धनौरा, अवदेश निवासी खासपुर की गोठिया, मोहम्मद शहजाद निवासी भदसिया, राजा निवासी भमैया और धीर सिंह निवासी खासपुर की गोठिया के रूप में बताई है।

कार में भरकर ले जाते थे चोरी का सामान

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की वारदात से एक-दो दिन पहले स्थान की रेकी की जाती थी। वारदात के दौरान हुंडई ऑरा कार का इस्तेमाल किया जाता था और चोरी का सामान उसी में भरकर ले जाया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 135 किलोग्राम बिजली का तार, 16 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल, 10.5 मीटर 95 एमएम केबल, 50 मीटर 85 एमएम केबल, बड़ा तार कटर और ₹2,010 बरामद करने की बात कही है। इसके अलावा एक 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो चाकू भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार वारदात में इस्तेमाल की जा रही हुंडई ऑरा कार को भी कब्जे में लिया गया है।

एक आरोपी पर पहले से पांच मुकदमे

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी धीरेन्द्र के खिलाफ बदायूं जिले के बिनावर, कादरचौक और मूसाझाग थानों में चोरी समेत विभिन्न धाराओं में पहले से पांच मुकदमे दर्ज हैं।

मुजरिया पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस, विद्युत अधिनियम और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक विदेश कुमार और उनकी टीम ने की।

रिपोर्टर:- संतुलित पाठक, बदायूं

Related Articles

Back to top button