पीआरडी जवानों के लिए योगी सरकार का बड़ा ऐलान, भत्ता बढ़ा और 5 लाख तक कैशलेस इलाज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी जवानों का दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपये किया। साथ ही जवानों और परिवारों को 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः पीआरडी जवानों के लिए मंगलवार का दिन राहत भरी खबर लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित पीआरडी स्वयंसेवकों के सम्मेलन में दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा की। यह मुख्यमंत्री के कार्यकाल में पीआरडी भत्ते में चौथी बढ़ोतरी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2019 में भत्ता 250 से बढ़ाकर 375 रुपये, 2022 में 395 रुपये और 2025 में 500 रुपये किया गया था। अब इसे बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है।

31 हजार से अधिक जवानों को मिलेगा लाभ

सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का भी शुभारंभ किया। इसके तहत 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवार के करीब 1.55 लाख सदस्यों को सालाना पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा सरकारी और योजना में शामिल इम्पैनल्ड अस्पतालों में उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान 10 स्वयंसेवकों को चिकित्सा सुविधा कार्ड भी वितरित किए।

23 करोड़ से बनेगा पीआरडी बैरक

पीआरडी जवानों की सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में मुख्यमंत्री ने लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का रिमोट के जरिए शिलान्यास भी किया। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि 2017 से पहले पीआरडी का बजट केवल 23 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने पीआरडी जवानों को शांति, सुरक्षा और जनसेवा का महत्वपूर्ण आधार बताया। सरकार के इन फैसलों से पीआरडी स्वयंसेवकों को आर्थिक राहत के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा भी मिलेगी। खासतौर पर कैशलेस चिकित्सा योजना जवानों और उनके परिवारों के लिए बड़ी सुविधा मानी जा रही है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में बारिश का कहर! हलिया में कई मकान ढहे, सड़कें बहने से गांवों का संपर्क टूटा

Related Articles

Back to top button