उन्नाव में ढाबे पर युवक पर हमला, लोहे की रॉड से पीटकर तोड़ा हाथ; CCTV में कैद हुई दबंगई

उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र में ढाबे पर काम करने वाले युवक पर दबंगों ने लोहे की रॉड से हमला कर उसका हाथ तोड़ दिया। पूरी घटना CCTV में कैद हुई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां प्रधान ढाबे पर काम करने वाले एक युवक पर कुछ दबंगों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। बताया जा रहा है कि हमले में युवक का हाथ टूट गया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

आधा दर्जन लोगों के साथ पहुंचे आरोपी

स्थानीय लोगों के अनुसार, आशीष टाइगर नाम का युवक अपने आधा दर्जन साथियों के साथ ढाबे पर पहुंचा था। किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और देखते ही देखते आरोपियों ने ढाबे पर काम करने वाले युवक पर हमला बोल दिया। आरोप है कि दबंगों ने लोहे की रॉड से युवक को बेरहमी से पीटा, जिससे उसका हाथ टूट गया। मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव की कोशिश करते रहे, लेकिन आरोपी लगातार मारपीट करते रहे।

CCTV फुटेज आने के बाद मचा हड़कंप

घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल बढ़ गई है। फुटेज में कुछ लोग युवक को घेरकर मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह खुलेआम ढाबे पर हमला हुआ, उससे इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। सोहरामऊ क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और ढाबा संचालकों में भी डर का माहौल देखा जा रहा है।

रिपोर्ट – रंजन बाजपाई

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में सिलेंडर फटने से भीषण आग, एक ही परिवार की चार गृहस्थियां जलकर राख

Related Articles

Back to top button