नीट यूजी पेपर लीक को लेकर राजस्थान में युवा आगबबूला

कांग्रेस का जयपुर में हल्लाबोल, पुलिस से झड़प के बाद प्रदर्शनकारियों पर सख्ती

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से पैदल मार्च करते हुए शहीद स्मारक के रास्ते बीजेपी कार्यालय की ओर बढ़े। प्रदर्शन के चलते पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
उधर पूरे देश का युवा सरकार के खिलाफ गुस्से से आगबबूला हो रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में कई जगह बैरिकेड्स लगाए थे, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। बीजेपी मुख्यालय की ओर बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

 

नीट का पेपर कहां मिलेगा, बीजेपी के बाड़े में, के लगे नारे

प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और बीजेपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने नीट का पेपर कहां मिलेगा, बीजेपी के बाड़े में जैसे नारे लगाए, जिससे माहौल और गरमा गया।

बुंदेलखंड बना आग की भट्टी

पारा 48 डिग्री के करीब, तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कानपुर । गर्मी के दिनों में पठारी मिट्टी ने बांदा को भ_ी बना दिया है। इस बार हालात ऐसे हैं कि यह जिला गर्मी का पूरे देश में रिकार्ड बना रहा है। यहां का तापमान बढ़ाने में गर्म हवाएं भी आग में घी का काम कर रही है। इसके आसपास के इलाके भी इस आंच में झुलस रहे हैं। आसमान साफ होने और चक्रवात की सरहद पर होने की वजह से मौसम विज्ञान केंद्र ने इस क्षेत्र में तीन दिन का रेड अलर्ट बढ़ा दिया है। रेड अलर्ट के दायरे में चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर देहात, औरैया, जालौन, हमीरपुर आदि जिले आ गए हैं।
गर्मी अधिक बढऩे का समय मानसून के आने के एक-डेढ़ महीने पहले से होता है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी और प्रदेश के एकीकृत मौसम पूर्वानुमान केंद्र प्रभारी डॉ. अतुल सिंह का कहना है कि इस दौरान एक गर्म बेल्ट होती है। यह पाकिस्तान के जैकोबाबाद से होकर प्रयागराज, बांदा आदि क्षेत्रों से होकर गुजरती है। चूंकि बांदा के आसपास के इलाके पठारी है। इससे यहां का तापमान एकदम से बढ़ जाता है। बांदा क्षेत्र के आसपास सूरज की सीधी किरणें पड़ती हैं।
पठारी क्षेत्र की कठोर चट्टानें, पत्थर गर्मी को जल्दी सोख लेते हैं और बहुत अधिक तापमान पैदा करते हैं। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. सिंह के मुताबिक बांदा क्षेत्र में पठारी मिट्टी के साथ हवाओं का कंसंट्रेशन रहता है। इसके अलावा इसके अगल-बगल वाले जनपदों में भी तापमान अधिक रहता है। इन क्षेत्रों में एक-दो डिग्री का ही फर्क आता है। पठारी क्षेत्र नुकीला न होकर मेज की तरह सपाट होता है। इसी से इसे टेबिललैंड भी कहा जाता है।

इन जिलों में लू का रेड अलर्ट

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, भदोही, कानपुर देहात, कानपुर नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, इटावा, औरेया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के क्षेत्र।

डॉक्टरों की सलाह

गर्मी में घर के बाहर जाने से पहले क्या करें
हाइड्रेशन: घर से निकलने से पहले 1-2 गिलास पानी पीएं। अपने साथ पानी की बोतल रखें।
पहनावा: हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनें। धूप के चश्मे का प्रयोग करें।
सुरक्षा: टोपी, स्कार्फ या छाते का उपयोग करें। धूप में निकलने से 20 मिनट पहले सनस्क्रीन लगाएं।
समय का ध्यान: सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच सीधे धूप में जाने से बचें।
खान-पान: बाहर जाने से पहले हल्का खाना खाएं।

59 साल बाद कांग्रेस की तमिलनाडु मंत्रिमंडल में हुई वापसी

विजय सरकार में 23 नए मंत्रियों ने ली शपथ

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चेन्नई । तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार का आज विस्तार हो गया। मुख्यमंत्री विजय ने मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए 23 विधायकों के नामों की सिफारिश की थी।
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री की इस सिफारिश को स्वीकार किया। जिसके बाद आज 23 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इस विस्तार की सबसे खास बात कांग्रेस पार्टी की सरकार में वापसी है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के दो विधायकों को भी अपनी मंत्रिमंडल में जगह दी है। 59 साल बाद यह पहला मौका है जब कांग्रेस तमिलनाडु में किसी क्षेत्रीय दल के नेतृत्व वाली सरकार का हिस्सा बन रही है। इस नई कैबिनेट में राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों का ध्यान रखा गया है। नए मंत्रियों की सूची में थूथुकुडी से श्रीनाथ, अविनाशी से कमाली एस, कुमारपालयम से सी विजयलक्ष्मी और कांचीपुरम से आरवी रंजीतकुमार को जगह मिली है। इनके साथ ही कुंभकोणम से विनोद, तिरुवदानई से राजीव, कडलूर से बी राजकुमार, अरक्कोनम से वी गांधीराज और ओट्टापिडारम से मथन राजा पी भी मंत्री पद की शपथ लेंगे।

चंडीगढ़ में कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

हरियाणा सीएम को उड़ाने की लिखी बात, अंबाला रेल ट्रैक पर करेंगे ब्लास्ट

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चंडीगढ़। चंडीगढ़ में कई स्कूलों को को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पहले के मामलों की तरह इस बार भी धमकी ईमेल के माध्यम से आई है। जिन स्कूलों को धमकी मिली है उनमें चितकारा स्कूल, स्ट्राबेरी स्कूल और डीपीएस स्कूल शामिल हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गईं और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। धमकी भरी मेल में हरियाणा के सीएम नायब सैनी का नाम भी लिखा है। ईमेल में लिखा है कि स्कूलों में 1.11 बजे और सीएम सैनी के आफिस में 3.11 बजे धमाके होंगे। इसके अलावा लिखा गया है कि 6 जून तक अंबाला से दिल्ली रेलवे ट्रैक पर धमाके होंगे। धमकी भरे ईमेल में चंडीगढ़ को खालिस्तान बनाने की साजिश का जिक्र किया गया। साथ ही लिखा गया कि हमारा बच्चों से कोई बैर नहीं है। ईमेल के अंत में खालिस्तान नेशनल आर्मी लिखा हुआ है। अंत में उसी व्यक्ति का नाम लिखा है, जिसके नाम से पहले भी धमकी भरे मेल भेजे गए थे। पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ईमेल किस आईडी से भेजा गया, इसकी जांच की जा रही है। साइबर सेल की टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है।
अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी शहर के कुछ शिक्षण संस्थानों को इस तरह के ईमेल मिल चुके हैं, जिनमें कोई विस्फोटक नहीं मिला था।

21वीं सदी के आधुनिक भारत के निर्माता को देश ने किया याद

पूर्व पीएम राजीव गांधी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर आज पूरा देश उन्हें नमन कर रहा है। बृहस्पतिवार सुबह कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने राजीव गांधी के स्मारक वीर भूमि जाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
बृहस्पतिवार सुबह तडक़े ही गांधी परिवार और कांग्रेस के शीर्ष नेता वीर भूमि पहुंचे। वहां आयोजित प्रार्थना सभा में नेताओं ने दिवंगत नेता के देश के प्रति दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद किया। इस मौके पर नेताओं ने उनकी समाधि पर पुष्प चक्र अर्पित किए और देश की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण रखने का संकल्प दोहराया।

सोनिया, खरगे व प्रियंका ने अर्पित किए पुष्प

आज सुबह कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने वीर भूमि जाकर राजीव गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। प्रियंका गांधी वाड्रा के बच्चे, मिराया और रायहान वाड्रा भी श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित थे। अशोक गहलोत, पी चिदंबरम, भूपिंदर सिंह हुड्डा और मुकुल वासनिक सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

भावुक हुए राहुल बोले- आपका सपना पूरा करने की जिम्मेदारी लूंगा

राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर बचपन की तस्वीर के साथ एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए उनके सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और बचपन की एक निजी तस्वीर के साथ एक हार्दिक संदेश साझा किया। अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा कि पापा, आपने जिस कुशल, समृद्ध और सशक्त भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी मैं पूरी तरह से निभाऊंगा। आपकी शिक्षाएं, आपके मूल्य और आपकी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी।

मोदी ने भी दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक संक्षिप्त संदेश पोस्ट किया। पीएम मोदी ने लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी जी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि।

कांग्रेस नेता ने पोस्ट में तस्वीरें भी साझा की

कांग्रेस नेता ने पोस्ट में दो तस्वीरें भी साझा कीं। इनमें से एक तस्वीर राहुल गांधी और राजीव गांधी की बचपन की है, जिसमें पिता-पुत्र के बीच का एक निजी पल झलक रहा है, जो श्रद्धांजलि की भावुकता को दर्शाता है।

Related Articles

Back to top button