आश्वासन के बावजूद आंदोलन जारी, आज CM आवास का घेराव करेंगे छात्र

सरकार से सकारात्मक बातचीत के बावजूद छात्र आज पटना में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे. छात्र 70वीं BPSC परीक्षा रद्द समेत कई मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से गर्दनीबाग में धरने पर बैठे हैं.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सरकार से सकारात्मक बातचीत के बावजूद छात्र आज पटना में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे. छात्र 70वीं BPSC परीक्षा रद्द समेत कई मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से गर्दनीबाग में धरने पर बैठे हैं.

पटना में आंदोलन कर रहे छात्र संगठनों और सरकार के बीच हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक बातचीत हुई है. सरकार की तरफ से छात्रों की कई मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है. इसके बावजूद छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे. बैठक के बाद छात्र नेताओं ने कहा कि सरकार और छात्र संगठनों के बीच जो दूरी बनी हुई थी, वह अब लगभग खत्म होने की स्थिति में है.

हालांकि, छात्र संगठनों ने साफ कर दिया है कि मुख्यमंत्री आवास घेराव का कार्यक्रम पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा. छात्र नेताओं ने कहा कि सरकार और अधिकारियों के साथ बातचीत सकारात्मक रही, जिसके लिए वे सरकार और अधिकारियों का धन्यवाद करते हैं. लेकिन अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास घेराव का कार्यक्रम किया जाएगा.

BPSC समेत कई मांगों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन

बता दें कि आंदोलनकारी छात्र 70वीं बीपीएससी परीक्षा रद्द समेत कई मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से गर्दनीबाग में धरने पर बैठे हैं. छात्र टीचरों की भर्ती वाली परीक्षा टीआरई-4 से पीटी-मेंस और निगेटिव मार्किंग हटाने की भी मांग पर अड़े हैं. हालांकि, आयोग ने साफ कर दिया है कि TRE-4 से पीटी और मेंस का फैसला बदलेगा नहीं और नेगेटिव मार्किंग भी रहेगी.

छात्र इन मांगों को लेकर कर रहे प्रदर्शन

70वीं बीपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग

डोमिसाइल नीति और आयु सीमा बढ़ाने की मांग

TRE-4 शिक्षक भर्ती की एकल यानी एक ही परीक्षा ली जाए. पीटी-मेंस न हो

BPSC, दारोगा सहित सभी परीक्षाओं में पारदर्शिता हो.

सरकारी भर्तियों में उम्र सीमा में छूट दी जाए.

एग्जामिनेशन कंट्रोलर राजेश कुमार सस्पेंड

उधर, छात्रों के प्रदर्शन के बीच सरकार ने बीपीएससी के एग्जामिनेशन कंट्रोलर राजेश कुमार को निलंबित कर दिया. दरअसल, हुआ ये कि छात्रों के प्रदर्शन को लेकर जब राजेश कुमार से सवाल पूछा गया तो उन्होंने ‘हाथी चले बाजार तो कुत्ते भौंके हजार’ वाली कहावत सुना दी.

प्रदर्शनकारी छात्र उनके इस बयान से भड़क गए. इसका वीडियो वायरल होने के बाद इस पर काफी विवाद भी हुआ. विवाद बढ़ने के बाद राजेश कुमार को सस्पेंड कर दिया गया. हालांकि, इससे पहले उन्होंने वीडियो जारी कर माफी भी मांगी थी.

Related Articles

Back to top button