जमीन विवाद को लेकर उन्नाव में बवाल, दो पक्षों में हिंसक झड़प

उन्नाव जिले के पुरवा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम धौरहरा में जमीन को लेकर पुराना विवाद शनिवार को अचानक हिंसक झड़प में बदल गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव जिले के पुरवा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम धौरहरा में जमीन को लेकर पुराना विवाद शनिवार को अचानक हिंसक झड़प में बदल गया।

इस घटना में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक पक्ष को गंभीर चोटें आई हैं।

एक दिन पहले हुई थी कहासुनी, अगले दिन भड़का विवाद

स्थानीय जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक दिन पहले उस समय हुई जब दोनों पक्षों के बीच जमीन के स्वामित्व को लेकर कहासुनी हो गई थी। मामूली विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और अगले ही दिन यह मामला गाली-गलौज और धमकी तक पहुंच गया।

पीड़ित पक्ष ने इस मामले की शिकायत संबंधित कोतवाली में एक दिन पहले ही लिखित रूप में दी थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस द्वारा समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

सुबह होते ही फिर भड़के दोनों पक्ष

शनिवार सुबह स्थिति और अधिक बिगड़ गई जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस झड़प में एक पक्ष को बुरी तरह चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

कोतवाली पहुंचे दोनों पक्ष, कराया गया मेडिकल परीक्षण

मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्ष पुरवा कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को अलग-अलग कर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों के चोटिल लोगों का उपचार कराया गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

कोतवाली पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में जमीन विवाद को ही हिंसा की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गांव में तनाव, पुलिस निगरानी बढ़ी

घटना के बाद ग्राम धौरहरा में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
रिपोर्ट- रंजन बाजपेई “निडर”,उन्नाव

Related Articles

Back to top button