देशभर में ‘अर्नब’ का तांडव, अगले 48 घंटे इन राज्यों में मचेगी तबाही?
आंध्र प्रदेश में इस चक्रवात से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अचानक बदलने की खबर है। चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। दक्षिण भारत के राज्यों के साथ-साथ दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बारिश और तेज आंधी की संभावना को लेकर अलर्ट की जानकारी सामने आई है।
वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दिए जाने की बात कही गई है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा और किन इलाकों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।
आंध्र प्रदेश में इस चक्रवात से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ. सीएम चंद्रबाबू नायडू ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख देने की घोषणा की है. साथ ही प्रभावित किसानों को भी आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है. आज भी आंध्र प्रदेश में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रहने वाला है.
सीएम नायडू चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे
सीएम चंद्रबाबू आज चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे. वे दो दिनों तक जिलों का दौरा करेंगे और व्यक्तिगत रूप से चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेंगे.
दक्षिण ओडिशा में भी अर्नब का प्रभाव पड़ने की आशंका है. यहां कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ जगह बेहद भारी बारिश हो सकती है. समुद्र में भी ऊंची लहरें उठ सकती हैं. रायलसीमा में 1 नवंबर तक गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की चेतावनी जारी की गई है.
दिल्ली में कब तक बिगड़ा रहेगा मौसम?
देश की रजधानी दिल्ली और उससे लगे एनसीआर में आज सुबह चक्रवात अर्नब का असर दिखा और बारिश व तेज हवाओं ने यहां मौसम सुहावना बना दिया- दिल्ली में आज दोपहर से पहले, दोपहर के समय और शाम के समय आंधी-बारिश की संभावना जताई है. दिल्ली में कल यानी 30 अक्टूबर तक चक्रवात का असर रह सकता है. कल भी राज्य में आंधी-बारिश की संभावना है.
यूपी-बिहार और झारखंड से कब दूर होगी अर्नब की दहशत
उत्तर प्रदेश भी चक्रवात के प्रभाव से अछूता नहीं है. यहां आज 21 जिलों में भारी बारिश, ओले और 38 जिलों में आंधी, बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. 30 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में काफी बड़े हिस्से में या व्यापक रूप से बारिश होने की संभावना है. बिहार में इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है. चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से झारखंड में 30 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. बंगाल में 30 अक्टूबर तक इसका असर दिख सकता है.
मध्य प्रदेश समेत इन राज्यों में क्या है मौसम का हाल?
पूर्वी मध्य प्रदेश में आज बहुत भारी बारिश और 30 अक्तूबर को फिर भारी बारिश की चेतावनी है. गरज-चमक और तेज हवाओं का भी अनुमान है. पश्चिमी मध्य़ प्रदेश में 31 अक्तूबर तक गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान है. छत्तीसगढ़ में 2 नवंबर तक कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. तेलंगाना, विदर्भ के भी कई इलाकों में बारिश की चेतावनी जारी गई है.



