पंजाब की सियासत में फिर हलचल, पायलट ने बताया कांग्रेस का पूरा प्लान
कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि इस बार पार्टी 100% सरकार बनाएगी.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि इस बार पार्टी 100% सरकार बनाएगी. उन्होंने आम आदमी पार्टी को मुख्य प्रतिद्वंद्वी बताया और मौजूदा सरकार पर ड्रग्स के मुद्दों पर फेल बताया.
कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस इस बार सौ फीसदी सरकार बनाने वाली है. उनके मुताबिक, पंजाब में असली विकल्प सिर्फ कांग्रेस है और पार्टी जनता का पूरा भरोसा हासिल कर लेगी.
मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पायलट ने बताया कि जब पार्टी सत्ता में होती है तो मुख्यमंत्री खुद अभियान चलाते हैं. विपक्ष में रहते हुए कोई एक चेहरा तय नहीं किया जाता. सामूहिक नेतृत्व के साथ चुनाव लड़ा जाएगा और बहुमत मिलने के बाद जिम्मेदारियां बांटी जाएंगी.
चन्नी से हुई बात पर क्या बोले?
रणजीत सिंह चन्नी से मुलाकात का जिक्र करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि चन्नी जी पार्टी के लिए पूरी ताकत से प्रचार करेंगे. उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार को बेनकाब करने का वादा किया है. चन्नी ने याद दिलाया कि राहुल गांधी ने ही पहले दलित नेता को मुख्यमंत्री बनाया था और वे पार्टी को सत्ता दिलाने के लिए पूरी मेहनत करेंगे.
असहमति को गुटबाजी न कहें’
संगठन में बदलाव के सवाल पर पायलट ने स्पष्ट किया कि फिलहाल टीम बहुत मजबूत है. कोई एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सबको साथ लेकर आगे बढ़ेंगे. गुटबाजी के आरोपों को उन्होंने सिर्फ असहमति बताया. उन्होंने कहा कि किसी मुद्दे या बयान पर मतभेद को गुटबाजी नहीं कहा जा सकता.
पंजाब में जल्द राहुल का दौरा, प्रियंका भी करेंगी प्रचार
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात का जिक्र करते हुए पायलट ने बताया कि दोनों से पंजाब के लिए समय निकालने का अनुरोध किया गया है. राहुल गांधी ने पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया है. जल्द ही उनका कार्यक्रम तय हो जाएगा. पायलट खुद भी जल्दी पंजाब जाकर जमीनी काम शुरू करेंगे. दिल्ली में सभी नेताओं से फीडबैक ले लिया गया है.
‘आप से मुख्य मुकाबला, कैप्टन को लेकर कोई जानकारी नहीं’
मुकाबले को लेकर पायलट का कहना है कि सत्ता में आम आदमी पार्टी है इसलिए मुख्य मुकाबला उसी से है. कैप्टन अमरिंदर सिंह की वापसी को लेकर उनकी कोई जानकारी नहीं है.
‘टूटी आप पर भारी पड़ेगी एकजुट सेक्युलर कांग्रेस’
रणनीति बताते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी टूट चुकी है, कई सांसद छोड़ चुके हैं. शिरोमणि अकाली दल भी पहले बिखर चुकी है. जबकि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है. कांग्रेस एक सेकुलर पार्टी है और पंजाब की जनता इसमें विश्वास रखती है.
‘पंजाब की जनता जानती है कांग्रेस का इतिहास’
लोगों के कांग्रेस चुनने की वजह बताते हुए पायलट ने कहा कि कांग्रेस ने ही पंजाब को सबसे कठिन दौर से निकाला. सरदार बेअंत सिंह ने अपनी जान कुर्बान की. ग्रीन रिवॉल्यूशन और व्हाइट रिवॉल्यूशन भी कांग्रेस की सरकारों ने ही लाए. जनता जानती है कि कौन सच बोल रहा है.
पंजाब में ड्रग्स बड़ा मुद्दा, मान सरकार इसमें फेल
पंजाब का सबसे बड़ा मुद्दा ड्रग्स है. पायलट ने आरोप लगाया कि मान सरकार की पोल खुल चुकी है. गुजरात में बड़ी मात्रा में कोकीन बरामद हुई है. आम आदमी पार्टी की सरकार, कुछ राजनेता, ड्रग्स माफिया और अपराधियों का गठजोड़ चल रहा है. सरकार के संरक्षण के बिना नशा नहीं फैल सकता. जेलों से गैंग चलाए जा रहे हैं, खुलेआम हत्याएं हो रही हैं और आम आदमी असुरक्षित महसूस कर रहा है.
वित्त मंत्री पर एक्शन क्यों नहीं हुआ?
ड्रग्स के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह इतना गंभीर मामला है कि आत्महत्या करने वाले व्यक्ति ने मरते वक्त वित्त मंत्री का नाम लिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. भगवंत मान वित्त मंत्री को बचाने का काम कर रहे हैं.



