पेपर लीक के बाद MPSC का बड़ा फैसला, ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा हुई रद्द
पेपर लीक मामले में MPSC ने बड़ी कार्रवाई की है. आयोग ने ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया है. कांग्रेस ने कहा कि यह फैसला वर्षों से मेहनत कर रहे छात्रों के लिए बड़ी जीत है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: पेपर लीक मामले में MPSC ने बड़ी कार्रवाई की है. आयोग ने ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया है. कांग्रेस ने कहा कि यह फैसला वर्षों से मेहनत कर रहे छात्रों के लिए बड़ी जीत है.
महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने ड्रग इंस्पेक्टर रिक्रूटमेंट एग्जाम में गड़बड़ी के आरोप और उसके सामने आए सबूतों के बाद पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द करने का फैसला किया है. अपराध अन्वेषण शाखा की रिपोर्ट के अनुसार, परीक्षा में अनियमितता होने की पुष्टि हुई है. साथ ही यह भी सामने आया कि एक ही उम्मीदवार को परीक्षा का प्रश्नपत्र सेट मिला था और उसने इसका लाभ उठाया था.
MPSC के इस फैसले को इस मुद्दे पर आंदोलन कर रहे छात्रों की बड़ी जीत माना जा रहा है. इस मामले में सबसे पहले विधायक रोहित पवार ने पेपर लीक का आरोप लगाया था. MPSC परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे से मुलाकात की. वहीं, पुणे में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में एक छात्रा ने भी यह मुद्दा उठाया था.
आयोग ग्रुप-B पद के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित करेगा
महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग अब ड्रग इंस्पेक्टर, ग्रुप-B पद के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित करेगा. आयोग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति अपनी वेबसाइट पर जारी की जाएगी. आयोग ने औषध निरीक्षक, ग्रुप-B, अन्न एवं औषधि प्रशासन संवर्ग के लिए 29 जुलाई 2025 को विज्ञापन जारी किया था. अब इस भर्ती के लिए पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी.
छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं- विजय वडेट्टीवार
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने ट्वीट कर लिखा कि महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में पेपर लीक को लेकर उन्होंने आवाज उठाई थी और परीक्षा रद्द कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. वडेट्टीवार के मुताबिक, अब MPSC ने गड़बड़ी स्पष्ट होने के बाद पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द करने का फैसला लिया है.
उन्होंने कहा कि यह फैसला वर्षों से मेहनत कर रहे छात्रों के अधिकारों के लिए किए गए उनके संघर्ष और लगातार उठाई गई आवाज की सफलता है. वडेट्टीवार ने लिखा, छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों का समर्थन नहीं किया जाएगा. पेपर लीक के खिलाफ यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी.’



