लखनऊ में अंधाधुंध फायरिंग, 3 लोगों को लगी गोली; 2 की मौत
सआदतगंज थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सआदतगंज थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष की ओर से फायरिंग कर दी गई। इस घटना में पिता और उनके दो बेटों को गोली लग गई। गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। वारदात के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और मामले की जांच कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, सआदतगंज थाना क्षेत्र में नौबस्ता निवासी शिवा तिवारी और ऋषभ शुक्ला के बीच चबूतरे को लेकर विवाद चल रहा था. आज सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. जिस पर ऋषभ शुक्ला ने फायरिंग कर दी. जिसमें शिवा तिवारी उसके बेटे सुयश और छोटे बेटे शम्भू को गोली लगी है. ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गयी.
सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ कई और थानों की फोर्स के साथ पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. घायलों को अस्पताल ले जाया गया. जहां शिवा और सुयश की मौत हो गयी, जबकि शम्भू का इलाज जारी है.
हमलावर ऋषभ शुक्ला हिरासत में
पुलिस ने आरोपी हमलावर ऋषभ शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही अन्य की गिरफ्तारी को लेकर भी प्रयास जारी हैं. मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. विवाद की वजह पेड़ पर चबूतरा बनाने का मामला बताया जा रहा है.
दिन-दहाड़े पूरे इलाके में दहशत फैल गयी है. फायरिंग के दौरान घरों में छिप गए और आरोपी बेखौफ फायरिंग करता रहा. अभी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. कई थानों की फोर्स मौके पर है और आरोपियों के घरों पर तलाशी अभियान चला रही है. इस मामले में और कौन-कौन भी शामिल है इसको लेकर भी पुलिस जांच कर रही है.



