154 शिव मंदिर, 14 घाट और 75 KM कांवड़ मार्ग… गोरखपुर पुलिस ने बनाया खास सुरक्षा प्लान
सावन शुरू होने से पहले गोरखपुर परिक्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। कांवड़ मार्गों, 154 शिव मंदिरों, 14 घाटों, होटल-ढाबों और रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने सुरक्षा व सत्यापन अभियान तेज कर दिया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सावन माह की शुरुआत से पहले गोरखपुर परिक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। इस बार सुरक्षा का दायरा केवल कांवड़ यात्रा तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि हाईवे, प्रमुख शिव मंदिरों, रेलवे स्टेशन, होटल, ढाबों और अस्थायी दुकानों तक विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सत्यापन अभियान भी तेज कर दिया गया है।
कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जबकि स्थानीय पुलिस, पीआरवी और मोबाइल टीमें लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। अधिकारी लगातार यात्रा मार्गों और हाईवे का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा भी कर रहे हैं।
154 शिव मंदिर और 14 घाटों पर रहेगा सुरक्षा घेरा
गोरखपुर में कांवड़िए बड़हलगंज के सरयू घाट से जल भरकर पिपराइच स्थित मोटेश्वर शिव मंदिर तक लगभग 75 किलोमीटर की पदयात्रा करते हैं। जिले के 154 प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक होगा, जिनमें 25 मंदिरों पर प्रत्येक सोमवार को पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। नौ मंदिरों को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जबकि 14 घाटों पर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज में भी बढ़ाई गई सतर्कता
गोरखपुर परिक्षेत्र के अन्य जिलों में भी सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए गए हैं। देवरिया के सात, कुशीनगर के नौ और महराजगंज के तीन प्रमुख शिव मंदिरों को संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने सभी इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि सावन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में मानसिक बीमार महिला से दरिंदगी, मंदिर के CCTV फुटेज से आरोपी गिरफ्तार



