रात में घर नहीं लौटा 37 साल का कमलेश, सुबह खेत में मिला शव; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मिर्जापुर के लालगंज में 37 वर्षीय युवक कमलेश कोरी का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर विरोध किया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कबेटे के मुंडन संस्कार की तैयारियों के बीच एक परिवार पर ऐसा दुख टूट पड़ा, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। सोमवार शाम निमंत्रण देने निकला 37 वर्षीय कमलेश उर्फ छोटे कोरी मंगलवार सुबह गांव के पास खेत में मृत मिला। सिर पर चोट और कान से खून निकलने के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। शव मिलने के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और लोगों ने पुलिस के सामने विरोध जताते हुए शव सौंपने से इनकार कर दिया।

मुंडन का निमंत्रण देने निकला था कमलेश

मामला लालगंज कोतवाली क्षेत्र के दुबार कला गांव की वैसान बस्ती का है। मृतक की पहचान स्वर्गीय राम गोविंद कोरी के 37 वर्षीय बेटे कमलेश उर्फ छोटे कोरी के रूप में हुई है। कमलेश मुंबई में वाहन चलाता था और अपने बेटे के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए करीब एक सप्ताह पहले गांव आया था।

सोमवार शाम वह अपने पट्टीदार राम सजीवन को मुंडन का निमंत्रण देने गया था, लेकिन रात में घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह गांव के पास खेत में उसका शव मिलने से सनसनी फैल गई।

सिर पर चोट के निशान, हत्या का आरोप

शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। सिर पर चोट के निशान और कान से खून निकलने के कारण परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इसी मांग को लेकर उन्होंने शव पुलिस को सौंपने से इनकार कर दिया।

मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मीणा, सीओ अमर बहादुर और इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पांडेय समेत पुलिस बल मौजूद रहा। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस के मुताबिक मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीओ अमर बहादुर के अनुसार परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

परिजनों के मुताबिक करीब एक साल पहले कमलेश के पांच वर्षीय बेटे शिवम का शव भी संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उस समय पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था। इस घटना के बाद गांव में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर

यह भी पढ़ें: बरेली में 13 साल की किशोरी से दरिंदगी का आरोप, दो पर FIR; तीन टीमें तलाश में

Related Articles

Back to top button