बरेली में 13 साल की किशोरी से दरिंदगी का आरोप, दो पर FIR; तीन टीमें तलाश में
बरेली के नवाबगंज में बकरी चराने गई 13 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो युवकों पर FIR दर्ज हुई है। एसओजी और सर्विलांस समेत तीन टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक 13 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बकरी चराने के दौरान दो युवक किशोरी को खेत की ओर ले गए और उसके साथ वारदात की। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और सर्विलांस समेत तीन टीमें लगाई गई हैं।
भाई के साथ बकरी चराने गई थी किशोरी
पुलिस के अनुसार, नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव की किशोरी रविवार शाम अपने छोटे भाई के साथ घर के पास बकरी चरा रही थी। इसी दौरान पड़ोसी गांव का रहने वाला विमलेश एक अन्य युवक के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दोनों किशोरी को खेत की ओर ले गए और वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसकी मां उसे लेकर नवाबगंज थाने पहुंचीं।
मां की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा
पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर विमलेश और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की है। पुलिस ने किशोरी के बयान दर्ज किए हैं और उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसओजी और सर्विलांस समेत तीन टीमें तलाश में
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नवाबगंज पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया है। तीनों टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: Budaun News: उघैती पुलिस ने दो वारंटी अभियुक्तों को किया गिरफ्तार, कोर्ट में पेश



