मिर्ज़ापुर में बिजली गिरते ही फुंका 400 KVA ट्रांसफार्मर, सैकड़ों घरों की बिजली गुल
मिर्ज़ापुर के सिविल लाइन क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से 400 KVA ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। करीब 400 उपभोक्ताओं की बिजली बाधित है। बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर बदलकर जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: शनिवार शाम मिर्ज़ापुर में हुई तेज बारिश और गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से सिविल लाइन क्षेत्र में बड़ा बिजली संकट खड़ा हो गया। अशोका स्वीट के पास स्थापित 400 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आसपास के लगभग 400 बिजली उपभोक्ताओं की आपूर्ति बाधित हो गई। देर रात तक बिजली बहाल नहीं होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
राजा विजयपुर कोठी और सिविल लाइन क्षेत्र में बिजली गुल
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम मौसम अचानक बदला और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली सीधे ट्रांसफार्मर पर गिर गई, जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद राजा विजयपुर कोठी और सिविल लाइन क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बिजली विभाग की टीम ने ट्रांसफार्मर को ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी खराबी दूर नहीं हो सकी।
बिजली विभाग ने जल्द आपूर्ति बहाल करने का दिया भरोसा
बिजली कटौती से प्रभावित उपभोक्ताओं ने विभाग से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड मिर्ज़ापुर आर.के. यादव ने बताया कि भारी बारिश और आकाशीय बिजली के कारण ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि संबंधित अभियंताओं को ट्रांसफार्मर बदलने और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सामान्य करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।
रिपोर्ट- संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: 8-सीटर वैन में ठूंस दिए गए 19 से ज्यादा बच्चे? कानपुर देहात हादसे ने उठाए बड़े सवाल



