6 अक्टूबर तक बिहार में अग्निवीर भर्ती रैली, उम्मीदवारों के लिए आर्मी ने जारी की जरूरी सलाह

बिहार में अग्निवीर भर्ती रैली 22 सितंबर से शुरू होगी और 6 अक्टूबर तक चलेगी.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बिहार में अग्निवीर भर्ती रैली 22 सितंबर से शुरू होगी और 6 अक्टूबर तक चलेगी. 11 हजार से अधिक शॉर्टलिस्ट उम्मीदवार इसमें शामिल होंगे. बारिश के चलते दौड़ सड़क पर कराई जाएगी.

बिहार में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी अपडेट है. सेना भर्ती मुख्यालय दानापुर की ओर से 22 सितंबर से अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी. यह रैली 6 अक्टूबर तक चलेगी. इसमें बिहार और झारखंड के 11 हजार से ज्यादा शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थी शामिल होंगे.

इस बार बारिश और मैदान की स्थिति को देखते हुए अभ्यर्थियों की दौड़ सड़क पर कराई जाएगी. इंडियन आर्मी ने कैंडिडेट्स को दौड़ के लिए अच्छे और आरामदायक जूते पहनकर आने की सलाह दी है. रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड समेत सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स साथ लाने होंगे.

22 सितंबर से शुरू होगी रैली

भर्ती निदेशक कर्नल बिंदु अग्निहोत्री के अनुसार, भर्ती रैली चांदमारी स्थित केएलपी मैदान में आयोजित होगी. इसमें कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) पास करने वाले शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थी ही हिस्सा ले सकेंगे. रैली में कुल 11,042 कैंडिडेट्स शामिल होंगे जिनमें से 257 महिला अभ्यर्थी हैं. क्लर्क की पोस्ट के लिए करीब 3,500 उम्मीदवारों को बुलाया गया है.

किस दिन किस पद के लिए भर्ती?

22 से 25 सितंबर तक पटना, बक्सर, भोजपुर, सीवान, सारण, गोपालगंज और वैशाली के शॉर्टलिस्ट पुरुष उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी की भर्ती होगी. 26 से 29 सितंबर तक इन्हीं जिलों के अग्निवीर टेक्निकल और ऑफिस असिस्टेंट/स्टोरकीपर टेक्निकल पोस्ट के उम्मीदवार शामिल होंगे.

30 सितंबर को अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं और 10वीं पास) की भर्ती होगी. 1 अक्टूबर को झारखंड के सभी जिलों के उम्मीदवारों के लिए रैली होगी. 2 और 3 अक्टूबर को बिहार के अलग-अलग जिलों के अग्निवीर क्लर्क उम्मीदवारों की भर्ती होगी. 4 अक्टूबर को ARO गया क्षेत्र के उम्मीदवारों के लिए भर्ती होगी. 5 अक्टूबर रिजर्व डे रहेगा, जबकि 6 अक्टूबर को बिहार और झारखंड की महिला सैन्य पुलिस की भर्ती होगी.

अभ्यर्थी डॉक्यूमेंट्स को साथ लाएं

उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड के साथ सभी जरूरी ओरिजनल सर्टिफिकेट्स और अन्य जरूरी डॉक्यूमेंट्स लेकर पहुंचना होगा. दौड़ सड़क पर होने के कारण जूते पहनकर आने की सलाह दी गई है.

अग्निवीरों के लिए एग्जिट प्लान

पहले बैच के 19 हजार से ज्यादा अग्निवीर जनवरी 2027 में चार साल का कार्यकाल पूरा करेंगे. रिपोर्ट के अनुसार सेना में 25 प्रतिशत अग्निवीरों को स्थायी सेवा देने के लिए उनकी मेरिट लिस्ट कार्यकाल पूरा होने से पहले जारी करने की योजना है. इसके लिए आंतरिक परीक्षा के आधार पर सेलेक्शन प्रोसेस पूरा किया जाएगा.

Related Articles

Back to top button