2 दिन पहले हॉस्टल गया था 9 साल का मासूम, मां बोली- ‘मुझे मेरा बेटा वापस चाहिए’
कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड में स्थित एक हॉस्टल से लापता छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई. परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड में स्थित एक हॉस्टल से लापता छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई. परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां सोनहत विकासखंड में स्थित एक बॉयज़ हॉस्टल से एक स्टूडेंट लापता हो गया था. काफी खोजबीन के बाद छात्र का कुछ पता नहीं चला. हॉस्टल प्रबंधन ने स्टूडेंट के लापता होने की जानकारी उनके परिजनों को दी.
इसके बाद, पुलिस और परिजन छात्र का पता लगाने में जुटे थे लेकिन आज सुबह हॉस्टल के पास स्थित एक तालाब में छात्र का शव मिला. तालाब में छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई. परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन पर लापरवाही और देर से जानकारी देने का आरोप लगाया है. वहीं इस मामले में हॉस्टल अधीक्षक को निलिंबित कर दिया गया है.
कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड के मझारटोला आदिम जाति बॉयज़ हॉस्टल से करीब 9-10 वर्षीय बालक प्रिंस सिंह उर्फ भीम के लापता हो गया था. वहीं, आज सुबह हॉस्टल परिसर के पास स्थित तालाब में उसका शव तैरता मिला. मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने हॉस्टल अधीक्षक को निलंबित कर दिया है.
दो पहले लापता हुआ था छात्र
बताया जा रहा है कि बालक दो दिन पहले ही हॉस्टल आया था और सुबह करीब 6 बजे उसके लापता होने की जानकारी सामने आई, जबकि परिजनों को शाम करीब 4 बजे सूचना दी गई थी. शव मिलने के बाद मौके पर अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, आदिवासी विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर, थाना प्रभारी सोनहत सहित पुलिस टीम पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकाला.
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. मृत बालक पटना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत टेंगनी, हरपियारा का रहने वाला बताया जा रहा है. मौके पर पहुंची मृतक की मां ने भावुक होकर कहा कि दो दिन पहले ही घर से भेजा था, मुझे मेरा बेटा वापस चाहिए.
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और छात्र तालाब तक कैसे पहुंचा. हॉस्टल प्रबंधन को उसके लापता होने की जानकारी कब हुई और परिजनों को सूचना देने में देरी क्यों हुई. इन तमाम बिंदुओं पर जांच की जा रही है.



