वर्दी पहनकर किया व्यापारी का अपहरण, जांच में सामने आया 25 साल पुराना अपराध
साल 2025 में अगस्त माह की 20 तारीख को जयपुर के व्यापारी नरेन्द्र नाथ दत्ता का अपहरण किया गया था.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जयपुर के व्यापारी नरेन्द्र नाथ दत्ता के अपहरण और 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में फरार मुख्य आरोपी करण आसवानी उर्फ कमल सिंधी को दुबई से भारत लाया गया है. AGTF आरोपी को लेकर जयपुर पहुंची.
साल 2025 में अगस्त माह की 20 तारीख को जयपुर के व्यापारी नरेन्द्र नाथ दत्ता का अपहरण किया गया था. उनकी गाड़ी जबरन रोकी गई थी और उनको किडनैप किया गया था. इसके बाद व्यापारी के परिवार से 5 करोड़ की फिरौती मांगी गई थी. फिर पीड़ित के परिवार ने पुलिस को इसकी सूचना दी. इसके बाद आरोपी देश छोड़कर भाग गया. पुलिस ने उसके अन्य साथियों को घटना के बाद पकड़ा.
अब इस मामले में फरार मुख्य आरोपी करण आसवानी उर्फ कमल सिंधी दुबई से पकड़ गया है. करण को अबू धाबी इंटरपोल की टीम ने डिटेन किया. फिर इसके बाद दुबई गई राजस्थान एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) की टीम आरोपी को लेकर जयपुर पहुंच गई. आरोपी ने पुलिस की वर्दी पहनकर अपने पांच साथियों के साथ व्यापारी का अपहरण किया था. जांच एजेंसी ने आरोपी को रिमांड पर लिया है.
आरोपी पर दुबई में बैठकर सट्टे का नेटवर्क चलाने का शक
करण से देश में पनप रहे सट्टा गिरोह के बारे में पूछताछ की जा रही है. शक है कि करण दुबई में बैठकर सट्टे का नेटवर्क चलाता था. AGTF ने जयपुर पुलिस से उसका क्रिमिनल रिकॉर्ड लिया है. वो एक आदतन अपराधी है, लेकिन हैरानी की बात तो ये है कि पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट नहीं खोली. अगर पुलिस ऐसा करती तो आरोपी इतनी आसानी से विदेश नहीं भाग पाता.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पर जयपुर सिटी में आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं. इन मामलों में हत्या, अपहरण, मारपीट, फिरौती मांगने, जबरन घर में घुसने, चोरी आदि केस शामिल हैं. जानकारी के अनुसार, करण पर मुरलीपुरा थाने में हत्या का पहला केस साल 2000 में दर्ज किया गया था.
2003 में जयपुर सिटी के शिप्रापथ थाने में मारपीट और घर में घुसकर हमला करने, 2005 में मारपीट, रास्ता रोकने और चोरी, 2009 में मानसरोवर थाने में मारपीट और घर में घुसकर हमला करने और 2023 में बिंदायका, खोह नागोरियान और मानसरोवर थानों में अपहरण, जबरन वसूली और मारपीट से जुड़े केस दर्ज किए गए.
व्यापारी के अपहरण मामले के बाद विदेश भागा आरोपी
पिछले साल करण के खिलाफ खोह नागोरियान थाने में व्यापारी के अपहरण और संगठित अपराध से जुड़ा केस दर्ज हुआ. इसके बाद से आरोपी विदेश भाग गया. एजीटीएफ की टीम जयपुर पुलिस के साथ करण आसवानी से पूछताछ की जा रही है. टीम ने उसके दुबई में बैठकर सट्टे का नेटवर्क चलाने की आशंका जताई है. कुछ गैंग के साथ भी जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है.
बता दें कि साल 2025 में व्यापारी नरेन्द्र नाथ दत्ता के अपहरण मामले की जांच के दौरान पता चला कि करण लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा से संपर्क में था. उनके लिए वह काम किया करता था. इस वारदात में करण के साथ रहे आरोपी हर्ष गौतम, कनक गांगुली और अजय बेनीवाल उर्फ शाका को पिछले साल ही पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया था.
AGTF ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया
करण के दुबई में होने की जानकारी मिलने के बाद एजीटीएफ ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया. यूएई की संबंधित एजेंसियों के साथ संपर्क साधा. इसके बाद इंटरपोल टीम ने करण आसवानी को डिटेन किया. जब इसकी जानकारी एजीटीएफ को दी गई तो वो दुबई गई और आरोपी को लेकर जयपुर पहुंची. फिलहाल आरोपी से जयपुर पुलिस और एजीटीएफ की संयुक्त रूप से पूछताछ जारी है.



