आरसीबी ने दूसरी बार जीता डब्ल्यूपीएल खिताब

- दिल्ली लगातार हारी चौथा फाइनल
- बतौर कप्तान दो खिताब जीतने वाली खिलाड़ी बनीं स्मृति मंधाना
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
वडोदरा। आरसीबी की दिल्ली कैपिटल्स पर छह विकेट से जीत के साथ महिला प्रीमियर लीग के चौथे संस्करण का समापन हो गया। गुरुवार को वडोदरा के कोतांबी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में चार विकेट पर 203 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 19.4 ओवर में चार विकेट खोकर 204 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
आरसीबी ने दूसरी बार महिला प्रीमियर लीग का खिताब जीता है। इससे पहले टीम 2024 में दिल्ली के ही खिलाफ फाइनल मैच जीतकर चैंपियन बनी थी। इसी के साथ स्मृति मंधाना बतौर कप्तान दो डब्ल्यूपीएल खिताब जीतने वाली खिलाड़ी बन गईं। इस मामले में उन्होंने मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर की बराबरी कर ली, जिन्होंने 2023 और 2025 में खिताब जीता था। वहीं इस दौरान मंधाना ने डब्ल्यूपीएल इतिहास की पांचवीं बल्लेबाज बन गईं जिसने 1000 से ज्यादा रन बनाए। इसी के साथ वह नेट शीवर ब्रंट (1348), मेग लैनिंग (1200), हरमनप्रीत कौर (1193) और शेफाली वर्मा (1124) के क्लब में शामिल हो गईं। मंधाना फाइनल में सर्वाधिक रनों की पारी खेलने वाली बल्लेबाज भी बन गईं। इस मामले में उन्होंने जॉर्जिया वॉल को पीछे छोड़ा। इससे पहले, दिल्ली ने फाइनल में जेमिमा रोड्रिग्स की तूफानी 57 रनों की पारी की मदद से 203 का स्कोर बनाकर इतिहास रचा। यह डब्ल्यूपीएल इतिहास के किसी प्लेऑफ मुकाबले में बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
आरसीबी पर पैसों की बारिश दिल्ली को मिले 3 करोड़
महिला प्रीमियर लीग 2026 सिर्फ क्रिकेट का उत्सव नहीं, बल्कि पैसों और अवॉर्ड्स का भी उत्सव साबित हुआ। इस जीत के साथ ही आरसीबी खिलाडिय़ों और टीम स्टाफ पर पुरस्कारों की बारिश भी हुई। वहीं, रनर अप बनी दिल्ली कैपिटल्स को भी तीन करोड़ रुपये और रनर अप शील्ड मिली। फाइनल और सीजन दोनों में स्मृति मंधाना और सोफी डिवाइन ने अवॉर्ड्स में अपना जलवा दिखाया। मंधाना को प्लेयर ऑफ द मैच, मोस्ट सिक्सेस ऑफ द मैच, और ऑरेंज कैप जैसे पुरस्कार मिले। वहीं सोफी डिवाइन ने मोस्ट वैलुएबल प्लेयर ऑफ द सीजन, मैच आईक्यू ऑफ द सीजन और पर्पल कैप अपने नाम किए। टीम अवॉर्ड्स में आरसीबी को जीत के लिए छह करोड़ रुपये, लिमिटेड एडिशन वॉच और विनिंग ट्रॉफी मिली।



