इंडिया AI समिट में विरोध पर सियासी बवाल, अखिलेश ने बताया अनुचित कदम
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे विदेशी मेहमानों के सामने देश का अपमान बताया है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन पर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है. समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे विदेशी मेहमानों के सामने देश का अपमान बताया है.
भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा “शर्टलेस” प्रोटेस्ट किए जाने पर सियासत गरमा गई है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की निंदा की है.
अखिलेश यादव ने AI इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन पर कहा कि जिस तरह से प्रदर्शन किया गया वो सही नहीं है. विदेशी मेहमान आए हुए थे. उनके सामने हंगामा करना गलत है. इससे विदेशी मेहमान के सामने हमारे देश का अपमान होता है.
इसके साथ ही उन्होंने रोबोट विवाद पर कहा कि मेड इन चाइना रोबोट नहीं लाना चाहिए था. अब वीडियो बन रहे हैं- मेक इन इंडिया के शेर को चाइनीज रोबोट डॉग भगा रहा है.
बटुकों को शिखा से खींचना बहुत निंदनीय
वहीं, उत्तर प्रदेश में बटुकों की सिखा खींचने के विवाद पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को क्या फर्क पड़ता है कि माफी मांग ले, अगर कभी कोई गलती हो जाए तो माफी मांगना साहस का काम है. उन्होंने कहा कि जब चोटी खींचकर अपमानित किया जा रहा था तब कहां थे ये डिप्टी सीएम?”
उन्होंने कहा कि बटुकों को शिखा से खींचकर बहुत निंदनीय कार्य किया है. यह हम कल्पना भी नहीं कर सकते. यह बहुत बड़ा अपमान किया है. अखिलेश यादव ने कहा कि माया में रहकर माया से दूर हो, दूसरे का दुख अपना समझे, वह योगी है, बताइए दूसरे का दुख अपना समझते हैं? इन्हें खुशी मिलती है अगर दूसरा आदमी दुखी हो.”
अमेरिकी डील पर अखिलेश यादव ने कहा कि रुपए कहां चला जा रहा है. इतने नीचे स्तर पर कौन सी सरकार ले जाती है. वहां से फीड आएगी, जो कि यहां के किसानों के लिए नुकसानदेह है.



